माई भारत युवा सम्मेलन: वाराणसी में डॉ. मनसुख मांडविया ने युवाओं को किया सम्मानित, 'विकसित भारत' के लिए प्रेरित
केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वाराणसी में 'माई भारत युवा सम्मेलन' में भाग लिया। इस ...और पढ़ें

सम्मेलन का उद्देश्य 'युवा फॉर विकसित भारत' विषय पर युवाओं की उपलब्धियों को सम्मानित करना और राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना था।
HighLights
केंद्रीय मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने वाराणसी सम्मेलन में भाग लिया।
युवाओं को 'विकसित भारत' निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित किया।
विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत की ओर से शनिवार को वाराणसी स्थित स्वतंत्रता भवन में माई भारत युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। ‘युवा फॉर विकसित भारत’ विषय पर आयोजित इस सम्मेलन में केंद्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया शामिल हुए।
सम्मेलन में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले युवा प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, फिल्म निदेशक डा. विशाल चतुर्वेदी सहित कई प्रमुख हस्तियों की सहभागिता रही।
सम्मेलन का उद्देश्य युवाओं की उपलब्धियों को पहचान देना, उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और विकसित भारत के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। इस अवसर पर उद्यमिता, खेल, डिजिटल कंटेंट निर्माण, प्रतियोगी परीक्षाओं और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले युवाओं की उपलब्धियों को रेखांकित किया गया।
कार्यक्रम में युवा उद्यमियों, खिलाड़ियों, डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स और युवा नेताओं को सम्मानित किया गया। राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों तथा युवाओं को प्रेरित करने में उनके योगदान के लिए सम्मान मिला। वहीं, डिजिटल मंचों के माध्यम से सकारात्मक सामाजिक संदेश प्रसारित करने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और नवाचार, रोजगार सृजन एवं सामुदायिक विकास में योगदान देने वाले युवा उद्यमियों की उपलब्धियों को भी सराहा गया।
सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों की प्रतिष्ठित हस्तियों ने अपने अनुभव साझा किए। इन संवाद सत्रों के माध्यम से युवाओं को सफलता, अनुशासन, नवाचार और नेतृत्व से जुड़े अनुभवों को समझने का अवसर मिला। कार्यक्रम में युवा प्रतिभाओं और प्रेरक व्यक्तित्वों के बीच संवाद को प्रोत्साहित किया गया, ताकि युवा अपनी क्षमताओं और विचारों को सकारात्मक कार्यों में बदल सकें।
इस अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता को प्रदर्शित किया गया। युवा कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। सम्मेलन में युवाओं को स्वयंसेवा, नेतृत्व विकास, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्र निर्माण से जुड़ने के लिए मेरा युवा भारत के विभिन्न अवसरों की जानकारी भी दी गई।
कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण हिस्सा ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ संकल्प रहा। इसके माध्यम से युवाओं को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता फैलाने और समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित किया गया।
सम्मेलन में युवा नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण, खेल और फिटनेस, डिजिटल माध्यमों से सकारात्मक सामाजिक प्रभाव, उद्यमिता एवं नवाचार, रोजगार सृजन, लोकसेवा में नेतृत्व, संस्कृति एवं विरासत तथा सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही, वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में युवाओं की भूमिका को रेखांकित किया गया।
MY भारत युवा सम्मेलन ने युवा प्रतिभाओं को अपनी उपलब्धियों और अनुभवों को साझा करने का मंच प्रदान किया। इस आयोजन के माध्यम से युवाओं को राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया।
