सारनाथ में अल्ट्रासाउंड चिकित्सक का स्थानांतरण होने से अल्ट्रासाउंड बंद, मरीज परेशान
सारनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अल्ट्रासाउंड चिकित्सक के स्थानांतरण से सेवाएँ बंद हो गई हैं, जिससे गर्भवती महिलाओं को परेशानी हो रही है। इसके अतिरिक्त, अस्पताल की एक्सरे मशीन भी छह महीने से खराब पड़ी है, जिससे मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है।

सारनाथ अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सेवा ठप, एक्सरे मशीन भी खराब।
HighLights
अल्ट्रासाउंड चिकित्सक के स्थानांतरण से सारनाथ में सेवाएँ हुई ठप।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की एक्सरे मशीन छह महीने से खराब पड़ी है।
गर्भवती महिलाओं और अन्य मरीजों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सारनाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पर जहां छह माह से एक्सरे मशीन खराब है वहीं अब अल्ट्रासाउंड चिकित्सक का स्थानांतरण दूसरे जिले में होने से गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड बंद हो गया है। जिससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर मरीजों की सुविधा के लिए लगी एक्सरे मशीन गत 21 जून से खराब है। जिससे हर रोज मरीज वापस लौट रहे है।मशीन बनाने के लिए राजस्थान के स्टार नाइक कंपनी से शिकायत करने के बाद भी छह माह भी ठीक नहीं हो सकी।
वहीं दूसरी तरफ अस्पताल में अल्ट्रासाउंड चिकित्सक डॉ दीपेश्वर प्रसाद का गत शनिवार को स्थानांतरण सोनभद्र होने की वजह से गर्भवती महिलाओं का अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहा हैं। जिससे मरीज अन्यत्र अल्ट्रासाउंड कराने पर मजबूर है।
अधीक्षक डॉ सुजीत कुमार ने बताया कि एक्सरे मशीन बनाने के लिए मुख्य चिकित्साधिकारी को पत्र भेजा गया है। अल्ट्रासाउंड के चिकित्सक का स्थानांतरण सोनभद्र होने से अल्ट्रासाउंड नहीं हो पा रहा है।