वाराणसी में बिना चीरा लगाए एक ही दिन में दो मरीजों के बदले हृदय के वाल्व
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के हृदय रोग विभाग ने एक ही दिन में दो मरीजों के हृदय के वाल्व बिना ओपन ...और पढ़ें

बिना चीरा लगाए एक ही दिन में दो मरीजों के बदले हृदय के वाल्व।
HighLights
बीएचयू में बिना ओपन सर्जरी के बदले गए दो हृदय वाल्व।
टीएवीआइ तकनीक से गंभीर हार्ट फेल्योर मरीजों का सफल उपचार।
पूर्वांचल में उन्नत हृदय चिकित्सा की सुविधा स्थानीय स्तर पर।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। ओपन हार्ट सर्जरी के जोखिम के बिना भी अब हृदय के खराब वाल्व बदले जा रहे हैं। काशी हिंदू विश्वविद्यालय के चिकित्सा विज्ञान संस्थान के हृदय रोग विभाग में चिकित्सकों ने एक ही दिन में दो मरीजों के हृदय के वाल्व बदलने में सफलता हासिल की है।
ट्रांसकैथेटर एओर्टिक वाल्व इंप्लांटेशन (टीएवीआइ) तकनीक से दोनों मरीजों का उपचार किया गया। खास बात यह कि इनमें एक मरीज गंभीर हार्ट फेल्योर से पीड़ित था, जबकि दूसरे को मुंह का कैंसर भी था। उपचार के बाद दोनों की स्थिति बेहतर है और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।
आधुनिक व कारगर तकनीक है टीएवीआइ
टीएवीआइ हृदय के सिकुड़े या खराब हो चुके एओर्टिक वाल्व को बदलने की आधुनिक प्रक्रिया है। इसमें छाती खोले बिना पैर की धमनी के रास्ते कैथेटर के माध्यम से नया वाल्व हृदय तक पहुंचाया जाता है।
यह तकनीक विशेषकर बुजुर्गों और ओपन हार्ट सर्जरी में अधिक जोखिम वाले मरीजों के लिए उपयोगी है। इस सफलता के साथ बीएचयू का हृदय रोग विभाग पिछले डेढ़ वर्ष में चार टीएवीआइ प्रक्रियाएं पूरी कर चुका है। विभागाध्यक्ष प्रो. विकास अग्रवाल के नेतृत्व में डा. प्रतिभा राय, डा. प्रवीण, डा. नितेश, डा. निरंजन, डा. प्रताप, डा. बिचयन, डा. अमन और डा. गुरनमोल की टीम ने प्रक्रिया पूरी की।
एनेस्थीसिया विभाग से प्रो. एपी सिंह, डा. प्रतिमा और डा. संजीव तथा सीटीवीएस विभाग से डा. सिद्धार्थ, डा. अरविंद पांडेय और डा. नरेंद्र ने सहयोग किया। तीन विभागों के समन्वय से मिली इस सफलता से पूर्वांचल के मरीजों को उन्नत हृदय चिकित्सा की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।