बलिया में घाघरा नदी के छाड़न में नहाते समय दो युवक डूबे, गोताखोर तलाश में जुटे Ballia news
घाघरा के छाड़न में सावन के अंतिम सोमवार पर नहाते समय कोलकला निवासी चन्द्रशेखर (28) पुत्र रामाकान्तयादव व अवधेश (24) पुत्र पतिराम यादव डूब गए।
बलिया, जेएनएन। सहतवार क्षेत्र के चांदपुर (पुरानीबस्ती) के पास सोमवार की सुबह घाघरा के छाड़न में नहाते समय कोलकला निवासी चन्द्रशेखर (28) पुत्र रामाकान्त यादव व अवधेश (24) पुत्र पतिराम यादव डूब गए। पुलिस गोताखोरों के माध्यम से दोनों युवकों की तलाश में जुटी गई है। इस घटना से इन दोनों के परिवार में कोहराम मच गया। चंद्रशेखर व अवधेश अपने साथियों के साथ घाघरा के छाड़न में स्नान करने के लिए गए हुए थे। वे सभी इस छाड़न में स्नान कर रहे थे। इसी बीच चंद्रशेखर गहरे पानी में चला गया।
इसे डूबते देख बचाने के लिए अवधेश आगे बढ़ा। इसी बीच वह भी गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते दोनों पानी के अंदर समा गए। इनके साथ गए अन्य साथियों की नजर इन दोनों पड़ते ही वे हो हल्ला करने लगे। इस पर आसपास के लोग पहुंच गए। दोनों की तलाश में लोग पानी में छलांग लगा दिए। काफी प्रयास के बाद भी दोनों का पता नहीं चल सका। पुलिस ने पहुंच कर स्थानीय गोताखोरों के माध्यम से दोनों की तलाश में जुट गई है। इस घटना से दोनों युवकों के परिवार में कोहराम मच गया।
विंध्याचल दीवान घाट पर नहाते समय युवती डूबी, तलाश जारी
मीरजापुर जिले में विंध्याचल दीवान घाट पर सोमवार की सुबह नहाते समय तीन महिलाएं डूबने लगी। मौके पर मौजूद स्थानीय नाविकों ने दो लोगों को सकुशल बचा लिया। वहीं प्रिया (18) पुत्री जितेंद्र शर्मा निवासी ग्राम चनुआर, थाना बड़ागांव, वाराणसी गंगा की तेज धारा में बह गई। घटना के आधे घन्टे बाद पुलिस और गोताखोर की टीम पहुंची और लापता युवती की तलाश की जा रही है। यह परिवार सुबह करीब नौ बजे विंध्याचल पहुंचा और दीवान घाट के पास राजा घाट पर स्नान करने लगा। युवती समेत तीन महिलाएं वहीं डूबने लगीं तो लोगों ने दो को किसी तरह बचा लिया। जबकि प्रिया तेज धारा में डूब गई जिसे खोजने का अभियान जारी है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप