सोनभद्र में मां सहित दो मासूम बच्चियों की मौत, घर के पीछे कुएं में मिला तीनों का शव
सोनभद्र के पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बनौली गांव में शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दो मासूम बच्चियों व मां का शव घर के पीछे कुएं में उतराया हुआ मिलने से हड़कंप मच गया।
सोनभद्र, जेएनएन। पन्नूगंज थाना क्षेत्र के बनौली गांव में शनिवार की रात करीब साढ़े आठ बजे दो मासूम बच्चियों व मां का शव घर के पीछे कुएं में उतराया हुआ मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला हत्या का है या आत्महत्या का इसकी जांच पुलिस कर रही है।
बनौली गांव निवासी राजेश भारती ऑटो चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। रोज की तरह ही शनिवार को ही आॅटो चलाने गया था। शाम सात बजे जब घर पहुंचा तो उसकी पत्नी व बच्चे घर में नहीं थे। आस-पास के घरों में पता किया लेकिन कहीं जानकारी नहीं मिली। रिश्तेदारी में भी फोन किया बावजूद इसके कोई कुछ भी बताने ने अनभिज्ञता जताता रहा। इसी बीच वह देखने के लिए घर के पीछे वाले हिस्से में गया। वहां स्थित कुंऐ में झांका तो पत्नी मीरा (30) की उतराई हुई साड़ी नजर आई। उसने टार्च जलाकर देखा तो स्पष्ट पता चला। आस-पास के लोगों को जानकारी दिया तो भीड़ लग गई। थोड़ी देर में कुएं का पानी निकालकर देखा गया तो उसमें पांच वर्षीय पुत्री रंजना व डेढ़ वर्षीय संजना का भी शव मिला।
हत्या या आत्महत्या
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी पुलिस को दिया। मौके पर पहुंचे पन्नूगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक महेंद्र नाथ पांडेय ने बताया कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का यह जांच का विषय है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही विस्तृत जांच की जा रही है। बताया जा रह है कि राजेश ने दो शादी की थी। यह दूसरी पत्नी थी। सीओ सदर अभिनव यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है।