89.2 किमी के दो एलिवेटेड कॉरिडोर से बदलेगी काशी की रफ्तार, 32 कंपनियों ने दिखाई रुचि
काशी में गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित 89.2 किमी लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर परियोजनाओं के लिए 32 निविदाएं मिली हैं। 25,446 करोड़ रुपये की ये परियोजनाएं शहर की यातायात व्यवस्था सुधारेंगी और प्रमुख स्थलों तक पहुंच आसान बनाएंगी।

काशी में रफ्तार भरेंगे गंगा-वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर, 32 कंपनियों ने दिखाई रुचि। - प्रतीकात्मक
HighLights
काशी में 89.2 किमी के दो एलिवेटेड कॉरिडोर प्रस्तावित।
परियोजनाओं के लिए कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुईं।
यातायात सुधरेगा, पर्यटन और आर्थिक विकास को बढ़ावा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। जाम के झाम से जूझती काशी को रफ्तार देने की दिशा में दो बड़ी परियोजनाओं को लेकर उत्साहजनक संकेत मिले हैं। गंगा और वरुणा नदी के किनारे प्रस्तावित 89.2 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड कॉरिडोर के निर्माण के लिए निजी कंपनियों ने दिलचस्पी दिखाई है। दोनों परियोजनाओं के चार पैकेजों के लिए कुल 32 निविदाएं प्राप्त हुई हैं।
इनमें वरुणा एलिवेटेड कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 15 और गंगा एलिवेटेड कॉरिडोर के दो पैकेजों के लिए 17 निविदाएं मिली हैं। करीब 25,446 करोड़ रुपये की इन परियोजनाओं से न सिर्फ शहर की यातायात व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन स्थलों तक पहुंच भी आसान होगी। खास बात यह है कि इन परियोजनाओं के जरिए काशी को राष्ट्रीय राजमार्गों, रिंग रोड और आसपास के आर्थिक केंद्रों से बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
वरुणा कॉरिडोर : एनएच-31 से रिंग रोड तक 43.2 किमी का सफर
वरुणा नदी के किनारे 43.2 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह एनएच-31 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल (एचएएम) पर बनने वाली इस परियोजना की कुल लागत 10,998.32 करोड़ रुपये है। इसके दो पैकेजों के लिए आठ और सात यानी कुल 15 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। परियोजना में मुख्य रूप से छह लेन का एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। इसमें मुख्य मार्ग, फ्लाईओवर, लूप, रैंप और सर्विस रोड भी शामिल होंगे।
इस कॉरिडोर से एनएच-31 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 40 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। यानी करीब 50 प्रतिशत समय की बचत होगी। वहीं, 80 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की परिचालन गति के अनुरूप तैयार होने वाला यह कॉरिडोर वाराणसी हवाई अड्डा, काशी रेलवे स्टेशन, वाराणसी सिटी रेलवे स्टेशन, रामनगर और आसपास के प्रमुख स्थलों तक पहुंच आसान बनाएगा। इससे शहर के भीतर भीड़भाड़ कम होने के साथ मालवाहक और यात्री वाहनों की आवाजाही सुगम होगी।
गंगा कॉरिडोर : नदी तट के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक आसान पहुंच
गंगा नदी के किनारे 46 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर बनाया जाएगा। यह एनएच-19 को वाराणसी रिंग रोड से जोड़ेगा। हाइब्रिड वार्षिकी मॉडल पर बनने वाली इस परियोजना की कुल लागत 14,447.64 करोड़ रुपये है। इसके दो पैकेजों के लिए आठ-आठ यानी कुल 17 निविदाएं प्राप्त हुई हैं। परियोजना को दो पैकेजों में बांटा गया है।
इसमें छह लेन का एलिवेटेड मुख्य कॉरिडोर, 910 मीटर लंबा केवल-स्टैंड पुल, 1.32 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड फुट ओवरब्रिज-कम-मेजर ब्रिज, लूप, रैंप, लिंक रोड और सर्विस रोड का निर्माण शामिल है। इस कॉरिडोर के बनने से एनएच-19, वाराणसी रिंग रोड, रामनगर और आसपास के प्रमुख क्षेत्रों के बीच कनेक्टिविटी मजबूत होगी।
एनएच-19 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच यात्रा का समय लगभग 60 मिनट से घटकर 20 मिनट रह जाएगा। वहीं, एनएच-19 और काशी रेलवे स्टेशन के बीच दूसरे प्रमुख मार्ग पर यात्रा का समय 50 मिनट से घटकर 25 मिनट होने का अनुमान है। इस तरह यात्रियों को लगभग 50 से 67 प्रतिशत तक समय की बचत होगी।
परियोजना से काशी विश्वनाथ मंदिर, बनारस हिंदू विश्वविद्यालय, नमो घाट, रामनगर किला और वाराणसी के प्रमुख घाटों तक पहुंच आसान होगी। साथ ही लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और रामनगर के औद्योगिक क्षेत्रों तक निर्बाध आवागमन को बढ़ावा मिलेगा।
दोनों परियोजनाएं प्रधानमंत्री गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के अनुरूप विकसित की जाएंगी।
इनसे वाराणसी के साथ चंदौली के सामाजिक और आर्थिक केंद्रों को भी बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। मालवाहक वाहनों की आवाजाही सुगम होने से लॉजिस्टिक्स लागत घटने, सड़क सुरक्षा बढ़ने और पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद है। परियोजनाओं के निर्माण से पूर्वी उत्तर प्रदेश के क्षेत्रीय आर्थिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।