मंडुआडीह स्टेशन पर नई दिल्ली स्टेशन का लोगो देख यात्री हुए हैरान, जानिए क्या है वजह
आयुष्मान खुराना की फ़िल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान की शूटिंग के दौरान शुक्रवार को मंडुआडीह स्टेशन का लोगो बदल कर नई दिल्ली कर दिया गया।
वाराणसी, जेएनएन। आयुष्मान खुराना की फ़िल्म शुभ मंगल ज्यादा सावधान की शूटिंग के दौरान शुक्रवार की शाम यार्ड में चल रही शूटिंग के सीन में बोगी में बाराती खाना पीना खाते व आपस मे हंसी मजाक करते नजर आए। यहां नई दिल्ली स्टेशन पहुंचने का दृश्य फिल्माया गया। जिसमें प्लेटफार्म नंबर आठ पर जगह-जगह नई दिल्ली स्टेशन का लोगो लगाया गया। इस दौरान शिवगंगा सुपर फ़ास्ट प्लेटफार्म 8 पर खड़ी थी। नई दिल्ली जाने वाले यात्री मंडुआडीह स्टेशन पर लगे नई दिल्ली स्टेशन के लोगो को देखकर एक बारगी चकरा गए और वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों से पूछने लगे की मंडुआडीह स्टेशन पर नई दिल्ली का लोगो क्यों लगा है। सुरक्षाकर्मियों के उत्तर पर यात्रियों को पता चला की मंडुआडीह स्टेशन पर फ़िल्म की शूटिंग चल रही है। जिसमें नई दिल्ली स्टेशन का दृश्य फिल्माया जा रहा है।