वाराणसी में होटल के सामने सड़क पर वाहनों की पार्किंग से लगा जाम, संचालक के खिलाफ मुकदमा
वाराणसी में एक होटल के सामने शादी समारोह के दौरान सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से लगे जाम के मामले में पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि पहले भी चेतावनी दी गई थी कि हाइवे पर पार्किंग न कराई जाए, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

वाराणसी में होटल के सामने सड़क पर वाहनों की पार्किंग से लगा जाम संचालक पर कार्रवाई।
HighLights
होटल धरोहर के सामने शादी समारोह से लगा जाम।
सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग के कारण यातायात बाधित।
होटल संचालक नितेश सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, (बड़ागांव) वाराणसी। जौनपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर सिसवा स्थित होटल धरोहर के सामने शादी समारोह के दौरान सड़क पर वाहनों की अव्यवस्थित पार्किंग से यातायात बाधित होने के मामले में पुलिस ने होटल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार 21 नवंबर की रात करीब सात बजे से 11 बजे तक होटल के सामने शादी समारोह के चलते बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर खड़े कर दिए गए थे। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लग गया और आम लोगों के साथ-साथ आवश्यक सेवाओं के वाहनों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
क्षेत्र में गश्त के दौरान उपनिरीक्षक संकेत पटेल ने वाहन पार्किंग की व्यवस्था कराने के लिए होटल संचालक को निर्देशित किया, लेकिन आरोप है कि कोई प्रभावी व्यवस्था नहीं की गई। इस मामले में होटल संचालक नितेश सिंह निवासी सिसवा, थाना बड़ागांव के खिलाफ 22 नवंबर को मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने कार्यवाही शुरू कर दी है।
वहीं थाना प्रभारी पंकज पाण्डेय ने बताया कि हाइवे के सभी होटल व लान संचालकों को पहले से ही जानकारी दिया गया है कि शादी विवाह सहित अन्य समारोह के दौरान हाइवे पर वाहनों की पार्किंग न कराये जिससे आमजन को आवागमन में कोई परेशानी हो, सूचना के बाद भी सड़क पर वाहन खड़ा करने के चलते यह कार्यवाही किया गया है और आगे भी जारी रहेगा।