विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सुबह-ए-बनारस में शास्त्रीय संगीत की सुरमयी प्रस्तुतियों से सजी काशी, जान्‍हवी का तट सुरों से गूंज उठा

By Uttam Roy ChoudharyEdited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 23 Nov 2026 11:06 AM (IST)

काशी में 23 नवंबर 2026 को एक विशेष शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देश भर के प्रतिष्ठित कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इस आयोजन में गायन, सितार और तबला वादन के साथ राग अहिर भैरव व गुर्जरी तोड़ी की विशेष प्रस्तुतियां होंगी, जिसका उद्देश्य भारतीय संगीत विरासत को बढ़ावा देना है।

काशी में शास्त्रीय संगीत संध्या: अहिर भैरव और गुर्जरी तोड़ी की गूंज से जीवंत होगी परंपरा।

काशी में शास्त्रीय संगीत संध्या: अहिर भैरव और गुर्जरी तोड़ी की गूंज से जीवंत होगी परंपरा।

HighLights

  1. काशी में प्रतिष्ठित कलाकारों द्वारा शास्त्रीय संगीत संध्या का आयोजन।

  2. राग अहिर भैरव और गुर्जरी तोड़ी की विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

  3. भारतीय संगीत विरासत को बढ़ावा देना और नई पीढ़ी को जोड़ना।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। संस्कृति और संगीत की नगरी काशी सोमवार को एक बार फिर भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध और जीवंत परंपरा की साक्षी बनी। असि घाट स्थित सुबह - ए - बनारस के 12 वें स्थापना दिवस के अवसर पर अर्चकों ने विशेष गंगा आरती की। संगीत की प्रस्‍त‍ियों से गंगा का तट न‍िहाल हुआ तो हर हर गंगे ही नहीं हर हर महादेव के घोष से भी गंगा की लहरें उल्‍लास‍ित हो उठीं। 

काशिकेय संस्कृति को संरक्षित-संवर्धित करने के उद्देश्य से अध्यात्म, संगीत और योग के समन्वित उपक्रम के रूप में प्रशासन के संरक्षण और जनसहयोग से 24 नवंबर 2014 को असि घाट पर आरंभ सुबह-ए-बनारस के सोमवार को अनवरत 4,383 दिवस पूर्ण होंगे। सुबह-ए-बनारस के अध्यक्ष डा. राजेश्वर आचार्य ने बताया कि कोरोना व बाढ़ आदि के व्यतिक्रम को छोड़ दें तो सूर्योदय से पूर्व वैदिक मंत्रों से नैसर्गिक दैवी शक्तियों (पंचतत्व) का आह्वान, सप्तारती से स्तवन, यज्ञ-संगीत व योग द्वारा नित्य 12 वर्षों से जारी है।

उपाध्यक्ष पं. प्रमोद कुमार मिश्र के अनुसार द्वादश वार्षिकी की पूर्णता तक बिना किसी स्वर को दोहराए भारत समेत 21 देशों के 10 हजार से अधिक कलाकार संगीतांजलि समर्पित कर चुके हैं। सचिव डा. रत्नेश वर्मा बताते हैं कि सुबह-ए-बनारस के 12वें स्थापना दिवस पर 23 नवंबर की प्रातः छह से 24 नवंबर की प्रातः तक ‘अष्ट पहर’ का आयोजन किया जा रहा है।

इसमें आठ पहर के विभिन्न रागों को विभिन्न घराने, गुरु-शिष्य परंपरा, पद्म अलंकृत, ग्रेडेड और उच्च सांगीतिक शैक्षणिक योग्यताधारी सिद्धहस्त कलाकार जीवंत करेंगे। इसमें प्रमुखतया पद्मभूषण पंडित साजन मिश्रा, पद्मश्री पंडित अनूप जलोटा, पद्मश्री डा. राजेश्वर आचार्य, पद्मश्री पंडित ऋत्विक सान्याल, पद्मश्री सोमा घोष, पद्मश्री मंगला कपूर समेत कोलकाता, गोवा, उज्जैन, ग्वालियर, मुंबई, दिल्ली और स्थानीय राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय ख्याति के शताधिक कलाकार नैत्यिक महोत्सव को विशिष्ट आयाम प्रदान किया। 

अष्ट पहर और राग प्रथम पहर (प्रात: 6 से 9 तक): राग भैरव, रामकली, जोगिया, अहीरभैरव, नटभैरव, आनंदभैरव, शिवमतभैरव, बिलासखानी तोड़ी।

द्वितीय पहर (सुबह 9 से 12 बजे तक): राग अल्हैया बिलावल, मियां की तोड़ी, गुर्जरी तोड़ी, देवगिरि बिलावल, जौनपुरी, आसावरी।

तृतीय पहर (दोपहर 12 से तीन बजे तक): राग देसी, वृंदावनी सारंग, मधमाद सारंग, शुद्ध सारंग, गौड़ सारंग।

चतुर्थ पहर (दोपहर तीन से शाम 6 बजे तक): राग मुल्तानी, मधुवंती, भीमपलासी, पटदीप, मारवा।

पंचम पहर (शाम 6 से 9 बजे तक): राग पुरिया, श्री, पूर्वी, पुरिया धनाश्री, गौरी, भूपाली।

षष्ठ पहर (रात 9 से 12 बजे तक: राग यमन, पुरिया कल्याण, शुद्ध कल्याण, केदार, हमीर, छायानट, बिहाग, मरू बिहाग।

सप्तम पहर (रात 12 से भोर 3 बजे तक): राग बागेश्री, रागेश्री, दरबारी, जैजैवंती, मालकौंस।

अष्ट पहर (उषा/ब्रह्ममुहूर्त तीन से छह बजे तक): राग हिंडोल, सोहनी, शहाना, ललित, भैरवी।

सांस्कृतिक चेतना का सुंदर प्रस्तुतीकरण : मोदी

असि घाट पर मां गंगा की पावन धारा के सान्निध्य में ‘सुबह-ए-बनारस’ का आयोजन सांस्कृतिक चेतना का सुंदर प्रस्तुतीकरण है। प्रातःकालीन वैदिक मंत्रोच्चार, सूर्योपासना, आरती, यज्ञ, शास्त्रीय संगीत और योग के माध्यम से यह आयोजन हमारी प्राचीन परंपराओं को जनजीवन से जोड़ने का सराहनीय प्रयास कर रहा है। प्रकृति के प्रति सम्मान और जीवन में योग के महत्व का संदेश भी इसके माध्यम से प्रसारित हो रहा। मेरा विश्वास है कि यह सांस्कृतिक साधना भारत की समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ काशी की सांस्कृतिक पहचान को विश्व पटल पर प्रतिष्ठित करती रहेगी। -पीएम मोदी की शुभकामना संदेश के अंश।

प्रस्‍तुति‍यों का दौर

शहर में आयोजित होने वाली विशेष संगीत संध्या में देश के विभिन्न हिस्सों से आए प्रतिष्ठित कलाकार अपनी सुरमयी प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। इस आयोजन में गायन, सितार वादन और तबला वादन के विविध रंग देखने को मिलेंगे, जो पारंपरिक शास्त्रीय सौंदर्य को नए भाव के साथ सामने रखेंगे। आयोजन के तहत प्रस्तुत होने वाले कार्यक्रमों में राहुल मिश्रा, रोहित मिश्रा, श्रीकांत मिश्रा, रविंद्र गोस्वामी, देव नारायण मिश्रा और आनंद किशोर मिश्रा सहित अन्य कलाकार अपनी कला का प्रदर्शन करेंगे। शास्त्रीय संगीत के इस मंच पर विभिन्न रागों की बारीकियों और भावों को साकार किया जाएगा, जिनमें प्रमुख रूप से राग अहिर भैरव और राग गुर्जरी तोड़ी की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण रहेंगी। रागों के आरोह-अवरोह, बंदिशों और विस्तार के माध्यम से कलाकार भारतीय संगीत की गहराई को श्रोताओं तक पहुंचा रहे हैं। 

व‍िभ‍िन्‍न आयामों का प्रदर्शन

गायन और वादन की विभिन्न प्रस्तुतियों के दौरान कलाकारों के साथ तबले पर सशक्त संगत भी कार्यक्रम की लय और गरिमा को और निखारेगी। शास्त्रीय संगीत में संगत केवल समय बांधने का माध्यम नहीं, बल्कि संवाद और भाव-विस्तार का महत्वपूर्ण हिस्सा होती है, जिसकी झलक इस संध्या में स्पष्ट रूप से देखने को मिलेगी।

यह आयोजन केवल प्रस्तुतियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसमें वैचारिक और शैक्षणिक आयाम भी जोड़े गए हैं। कार्यक्रम के दौरान संगीत की आलोचनात्मक शिक्षा तथा शास्त्रीय संगीत से जुड़े विभिन्न समकालीन और पारंपरिक विषयों पर गंभीर चर्चा की जाएगी। इस संवाद को समृद्ध करने के लिए डॉ. सीमा वर्मा सहित अन्य विद्वानों का मार्गदर्शन भी श्रोताओं और जिज्ञासुओं को प्राप्त होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।