मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जा रहा ट्रैक्टर पलटा, दो गंभीर, रिठिया मोड़ के पास की घटना
ट्रैक्टर पलट जाने से दो की हालत गंभीर हो गई है। ट्रैक्टर में 20 महिला एवं पुरुष बैठकर नौगढ़ के देवखत महर्षि वाल्मीकि सेवा संस्थान में जा रहे थे।
चंदौली, जेएनएन। रिठियां मोड़ के पास रविवार को एक ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गया। इससे उस पर सवार लोग घायल हो गए। सभी को कस्बा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने चालक सहित तीन की हालत गंभीर होने पर जिला संयुक्त अस्पताल रेफर कर दिया।
गंगापुर गांव से चालक राहुल यादव (28) ट्रैक्टर-ट्राली पर 20 लोगों को लेकर मुख्यमंत्री की जनसभा में देवखत आ रहे थे। उक्त मोड़ पर अचानक लग्जरी वाहनों का काफिला आ गया। इन वाहनों को बचाने के प्रयास में चालक का हाथ स्टेयङ्क्षरग से छूट गया। इससे ट्रैक्टर पलट गया, जबकि ट्राली वहीं खड़ी हो गई। ट्रैक्टर पलटने की तेज आवाज सुनकर आस-पास के लोग बड़ी संख्या में जुट गए। लोगों ने ट्रैक्टर में फंसे गंगापुर निवासी चालक, यशवंत यादव (26) व रामू (29) को बाहर निकाला। रक्तस्त्राव होते देख लोग स्तब्ध रह गए। जानकारी होने पर अधिकारियों व पुलिस में खलबली मच गई। पुलिस ने तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक के अलावा बोनट पर यशवंत व रामू बैठे थे। ट्राली पर सवार लोगों को उनके घर पहुंचाया गया। दुर्घटना की जानकारी होने पर गांव में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।