विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी-ओडिशा के रिश्तों को पर्यटन से मिलेगी नई मजबूती, अतिथि गृह काशी, अयोध्या और मथुरा में बनाने के लिए आमंत्रण

By Prakash PandeyEdited By: Abhishek sharma
Published: Sun, 23 Aug 2026 03:23 PM (IST)

लालपुर में आयोजित डायस्पोरा मीट में काशी और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक व पर्यटन संबंधों को मजबूत करने पर जोर ...और पढ़ें

काशी और ओडिशा के बीच पर्यटन व सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती।

काशी और ओडिशा के बीच पर्यटन व सांस्कृतिक संबंधों को मिलेगी नई मजबूती।

HighLights

  1. काशी-ओडिशा सांस्कृतिक व पर्यटन संबंधों को मजबूत करने पर जोर।

  2. ओडिशा उपमुख्यमंत्री ने नमो घाट विकास मॉडल का अध्ययन किया।

  3. यूपी ने काशी, मथुरा, अयोध्या में ओडिशा अतिथि गृह का आमंत्रण दिया।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। लालपुर स्थित ट्रेड फैसिलिटी सेंटर में रविवार को ओडिशा पर्व के तहत आयोजित डायस्पोरा मीट में काशी और ओडिशा के बीच सांस्कृतिक व पर्यटन संबंधों को मजबूत करने पर जोर दिया गया। ओडिशा की उपमुख्यमंत्री प्रवति परिदा ने कहा कि काशी और ओडिशा के बीच सदियों पुराना सांस्कृतिक जुड़ाव है।

जगन्नाथ और विश्वनाथ के इस रिश्ते को आगे बढ़ाते हुए दोनों प्रदेशों के लोगों को एक-दूसरे की संस्कृति और पर्यटन से जोड़ना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने वाराणसी के नमो घाट का भ्रमण कर नदी किनारे पर्यटन सुविधाओं के विकास को समझने तथा ओडिशा की नदियों के किनारे भी ऐसी संभावनाएं तलाशने की बात कही।

उत्तर प्रदेश के श्रम एवं रोजगार मंत्री अनिल राजभर ने ओडिशा सरकार को काशी, मथुरा और अयोध्या में अतिथि गृह बनाने का आमंत्रण दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार ओडिशा में अपना अतिथि गृह स्थापित करना चाहती है और ओडिशा सरकार के लिए भी इन प्रमुख धार्मिक नगरों में अतिथि गृह बनाने में हरसंभव सहयोग करेगी। दोनों प्रदेशों की साझा संस्कृति और बढ़ते पर्यटन से यहां के लोगों को रोजगार और आर्थिक गतिविधियों का लाभ मिलने की उम्मीद जताई।

कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में ओडिया भाषा, साहित्य एवं संस्कृति विभाग के सचिव डा. विजय केतन उपाध्याय, एफआइसीसीआई उत्तर प्रदेश पर्यटन समिति के अध्यक्ष प्रतीक हीरा, पद्मश्री श्रीभास चंद्र सुपाकर, वाराणसी ओडिया समाज के अध्यक्ष प्रो. गोपबंधु मिश्रा, डा. अमिया कुमार सामल, डा. स्वाति सुचरिता नंदा, डा. श्रीकृष्ण कुमार अग्रवाल, प्रो. प्रदोष मिश्रा, वाराणसी मंडलायुक्त एस. राजालिंगम और ओडिशा पर्यटन विभाग के निदेशक दीपांकर महापात्र समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

नमो घाट से ओडिशा के घाटों को मिलेगा नया स्वरूप
प्रवति परिदा ने नमो घाट के विकास माडल को देखने में विशेष रुचि जताई। उन्होंने कहा कि नदी किनारे पर्यटन, सुविधाओं और जनभागीदारी को जोड़ने के इस माडल को समझकर ओडिशा की प्रमुख नदियों, विशेषकर महानदी के किनारे ऐसे विकास की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।

अतिथि गृह से बढ़ेगा आवागमन
मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि काशी, अयोध्या और मथुरा में ओडिशा सरकार का अतिथि गृह बनने से दोनों प्रदेशों के लोगों का आवागमन और बढ़ेगा। इससे धार्मिक पर्यटन के साथ सांस्कृतिक संबंध भी मजबूत होंगे।