विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 09, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पूर्वांचल में पर्यटन: एक ही अरघे में दो शिवलिंग वाला अनोखा शिव मंदिर, श्रावण महीने में बाबा यहीं करते हैं वास

By Jagran NewsEdited By: Ritu Shaw
Published: Mon, 09 Jan 2023 04:33 PM (IST)

काशी के सारनाथ में बसे सारंगनाथ मंदिर एक ऐसा अनोखा मंदिर है जहां एक ही अरघे में दो शिवलिंग विराजमान हैं। लोगों की मान्यता है कि बाबा पूरे सावन महीने में माता पारवती के साथ यहां विश्राम करने आते हैं।

एक ही अरघे में दो शिवलिंग वाला अनोखा शिव मंदिर, श्रावण महीने में बाबा यहीं करते हैं वास
एक ही अरघे में दो शिवलिंग वाला अनोखा शिव मंदिर, श्रावण महीने में बाबा यहीं करते हैं वास

जागरण संवाददाता: सारंगनाथ महादेव मंदिर में एक अरघे में दो शिवलिंग वाला अनोखा प्राचीन मंदिर है। दोनों शिवलिंग के आकार इसके प्राचीनता की पुष्टि करते हैं। प्रथम शिवलिंग की स्थापना स्वयं सारंग ऋषि ने की थी। उसी अरघे में दूसरे शिवलिंग की स्थापना आदि गुरु शंकराचार्य ने की है। मन्दिर आने वाले भक्त दर्शन करने से पहले शिवकुण्ड में स्नान करने के बाद जल लेकर 44 सीढ़ी चढ़ कर सारंगनाथ महादेव का जलाभिषेक करते हैं।

सारंग नाथ के ठीक सामने मौजूद है शिवकुंड तालाब

वाराणसी शहर से लगभग 10 किमी उत्तर की ओर सारनाथ में एक ही अरघे में दो शिवलिंग वाला प्राचीन सारंगनाथ महादेव मंदिर है। मंदिर परिसर के सामने प्राचीन शिवकुण्ड में भक्त स्नान कर दर्शन-पूजन करने आते हैं। चीनी यात्री ह्वेनसांग के काशी यात्रा में सारंगनाथ मंदिर का वर्णन मिलता है। मान्यता है कि श्रावण मास में एक माह तक भगवान शिव इसी मंदिर में विराजमान रहते हैं। श्रावण मास में जलाभिषेक की मान्यता होने से यहां भक्तों का हुजूम उमड़ता है।

मंदिर का धार्मिक इतिहास

जनश्रुतिओं के अनुसार भगवान शिव का विवाह पार्वती से होने के बाद हिमालय की धर्मपत्नी रानी नैना को कष्ट हुआ कि पुत्री का विवाह एक योगी के साथ हो गया। तीज पर अपनी पुत्री को विविध वस्तुओं के साथ पांच खच्चरों पर स्वर्ण लादकर अपने पुत्र सारंग के साथ काशी भेजा। सारनाथ में सारंग विश्राम करने के लिए ठहरे तो थकान की वजह से नींद आ गयी। उन्होंने स्वपन में देखा कि पूरी काशी नगरी सोने की बनी हुई है। उनको क्षोभ भी हुआ कि वह भगवान शिव का अपमान करने जा रहे हैं। सारंग अपनी भूल पर पश्चाताप करने के लिए वन में तपस्या करने लगे। भगवान शिव ने ध्यान लगा कर देखा कि सारंग तपस्या में लीन हैं। भगवान शिव ने पार्वती को सारंग की तपस्या के बारे में बताया। भगवान शिव व पार्वती उस स्थान पर पहुंच कर सारंग से बोले कि मैं तुमसे खुश हूं तुम हमसे वरदान मांगो। सारंग ने इसपर कहा कि प्रभु मुझे कुछ देना है तो वचन दें कि हर वर्ष श्रावण मास में आकर यहीं दर्शन देंगे। इस पर भगवान शिव ने वचन दिया कि हर वर्ष श्रावण मास में यहीं आकर पार्वती संग आराम करूंगा।

ऐसे पहुंचें सारंगनाथ मंदिर

शहर में बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट से शहर मार्ग से लगभग 10 किमी की दूरी पर सारंगनाथ मंदिर है। यहां पर ठहरने के लिए तमाम होटल और गेस्ट हाउस के साथ बेहतर रेस्टोरेंट उपलब्ध हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।