Top Varanasi News Of The Day, 11 october 2019 : फ्लाईओवर की शटरिंग गिरने से अफरा-तफरी, गैंगस्टर झुन्ना पंडित मुठभेड़ में गिरफ्तार, 80 करोड़ को भोजन नहीं
बनारस शहर की कई खबरों ने शुक्रवार को सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने शुक्रवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें कैंट स्टेशन के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर की शटरिंग गिरने से अफरा-तफरी, गैंगस्टर झुन्ना पंडित को पंजाब पुलिस ने रूपनगर में मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, 80 करोड़ लोगों को नहीं मिल पा रहा भोजन, स्वर्ण शताब्दी वैदिक धर्म महासम्मेलन में जुटे विद्वान, विश्वनाथ गली की दुकानें दूसरे दिन भी बंद कर धरने पर बैठे दुकानदार आदि खबरें सर्वाधिक चर्चा में रहीं। जानिए शाम पांच बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
कैंट स्टेशन के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर की शटरिंग गिरने से अफरा-तफरी, कई घायल
कैंट स्टेशन के सामने निर्माणाधीन फ्लाईओवर की शटरिंग गिरने से अफरा तफरी मच गई। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। शुक्रवार की शाम करीब चार बजे यह हादसा हुआ। घटना से चंद मिनट पहले गुजरात के राज्यपाल आचार्य देवव्रत सपत्नीक श्री कृष्ण धर्मशाला से भारत माता मंदिर की तरफ जा रहे थे। 16 मई 2018 को फ्लाई ओवर की दो बीम गिरने से 15 लोगों की मौत हो गई थी।
गैंगस्टर झुन्ना पंडित को पंजाब पुलिस ने रूपनगर में मुठभेड़ में किया गिरफ्तार, कई मामलों में वांछित
पंजाब में रूपनगर पुलिस ने गैंगस्टर श्री प्रकाश मिश्र उर्फ झुन्ना पंडित को चिंतपूर्णी से दिल्ली लौटते हुए रूपनगर में काहनपुर खुही के पास गुरुवार को सुबह चार बजे मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है। झुन्ना पंडित ने तीन और पुलिस ने चार फायर किए।
80 करोड़ लोगों को नहीं मिल पा रहा भोजन, एक अरब से ज्यादा लोगों की रोजाना आय एक डालर से भी कम
बदलते वैश्विक परिदृश्य में सतत कृषि विकास विषयक तीन दिवसीय संगोष्ठ का आयोजन बीएचयू में शुक्रवार को किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित आईएसडी के निदेशक प्रो. जीएस सिंह और प्रो. एके सिंह ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि इक्कीसवी शताब्दी में कृषि के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह है कि हम वर्तमान की आवशयकताओं को पूरा करते हुए विकास के तीन महत्वपूर्ण स्तंभों के बीच तालमेल की बनाएं ताकि हम भावी पीढ़ी की आजीविका को कोई खतरा न हो। आने वाले पचास वर्षों में विश्व की जनसंख्या 3 अरब ओर बढ़ जायेगी तथा सबसे ज्यादा जनसंख्या वृद्धि विकासशील देशों में होने का अनुमान है। अगर हम वर्तमान की बात करें तो दुनिया में 80 करोड़ लोगों को भोजन नहीं मिल पाता और एक अरब से ज्यादा लोग प्रतिदिन एक डॉलर से भी कम आमदनी में अपना जीवन यापन करते हैं।
महर्षि दयानंद काशी शास्त्रार्थ की स्मृति में स्वर्ण शताब्दी वैदिक धर्म महासम्मेलन में जुटे विद्वान
महर्षि दयानंद काशी शास्त्रार्थ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 11 से 13 अक्टूबर तक नरिया स्थित रामनाथ चौधरी शोध संस्थान वाटिका में तीन दिवसीय स्वर्ण शताब्दी वैदिक धर्म महासम्मेलन का आयोजन किया गया है। शुक्रवार को इसका शुभारंभ अतिथियों ने दीप जलाकर किया।
विश्वनाथ गली की दुकानें दूसरे दिन भी बंद कर धरने पर बैठे दुकानदार, प्रताड़ना का लगाया आरोप
श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर का गेट नंबर एक बंद किए जाने के विरोध में विश्वनाथ गली के कारोबारियों ने दूसरे भी शुक्रवार को दुकानें बंद कर दीं। मंदिर प्रशासन पर प्रताडि़त करने का आरोप लगाया और कोतवालपुरा में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठ गए। कहा प्रशासन मनमानी पर उतारू है और लोगों को प्रताडि़त किया जा रहा है।