Top Varanasi News Of The Day, 10 February 2020 : महिंदा राजपक्षे पहुंचे अस्सी घाट, महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, सिर कूचकर वृद्ध महिला की हत्या
बनारस शहर की कई खबरों ने सोमवार को सुर्खियां बटोरीं जानिए शाम चार बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
वाराणसी, जेएनएन। बनारस शहर की कई खबरों ने सोमवार को सुर्खियां बटोरीं। जिनमें महिंदा राजपक्षे पहुंचे अस्सी घाट, महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, सिर कूचकर वृद्ध महिला की हत्या, रैदासियों की शुरू हो गई वापसी, उत्तरी हवाओं ने बढ़ाई गलन आदि खबरें रहीं। जानिए शाम चार बजे तक की शहर-ए-बनारस की पांच प्रमुख और चर्चित खबरें।
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे पहुंचे अस्सी घाट, नैत्यिक गंगा आरती में हुए शामिल
श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंदा राजपक्षे वाराणसी प्रवास के दूसरे दिन सोमवार की सुबह अस्सी घाट पर गंगा आरती के लिए पहुंचे तो परंपरागत तरीके से विधि विधान से आरती के आयोजन का हिस्सा बने। श्रीलंका के प्रधानमंत्री के घाट पर पहुंचते ही मंत्री नीलकंठ तिवारी ने माल्यार्पण कर स्वागत किया। इसके बाद बटुकों द्वारा परंपरागत तरीके से गंगा आरती की गई। गंगा आरती में हिस्सा लेने के बाद सुबह दस बजे महिंदा राजपक्षे लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे जहां वह विशेष विमान से वापस नई दिल्ली रवाना हो गए। वहीं वाराणसी में पूर्व उन्होंने गंगा आरती के दौरान गंगा को निहारते हुए तस्वीर सोशल मीडिया में भी शेयर किया।
छावनी क्षेत्र में अज्ञात महिला का शव मिलने से मचा हड़कंप, पुलिस महिला के शिनाख्त में जुटी
कैंट थाना क्षेत्र के सुरक्षित माने जाने वाले छावनी स्थित बंगला नम्बर 41 के बगल अज्ञात वाहन सवार एक महिला का नग्न हाल में शव फेंक कर भाग निकले। महिला की अन्यत्र कहीं हत्या कर सुबह शव फेंकने की जानकारी पुलिस को हुई तो हड़कंप मच गया। मौके पर महिला के कपड़े, चप्पल व शराब की बोतलों संग गिलास पड़े मिले हैं। वहीं जानकारी मिलने पर पहुंची कैन्ट पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त की कोशिश की मगर सफलता नहीं मिल सकी है।
लोहता थाना क्षेत्र में सिर कूचकर वृद्ध महिला की हत्या, पुलिस ने लूट और हत्या का मुकदमा दर्ज किया
लोहता थाना क्षेत्र के परजनपुर भीटा गांव में रविवार की देर रात घर में सोई महिला का सिर ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई। इस दौरान घर के अंदर रखे बाक्स में पांच हजार रुपये हत्यारे उठा भी ले गये। परजनपुर गांव की मीना देवी (60) बरामदे में सोई हुई थी। वहीं दूसरी ओर पति कमला प्रसाद बाहर टीन शेड में सोए हुए थे। आधी रात को जब पति की नींद अचानक खुली तो जहां पत्नी सोई थी किसी काम से गये तो देखा पत्नी मृत पड़ी है। रात को पत्नी का शव देखकर कमला पटेल चिल्लाने लगे। आवाज पर बेटा वीरेंद्र कुमार भी पहुंच गया और शव को देखकर वीरेन्द्र सन्न रह गया। वीरेंद्र ने लोहता पुलिस को वारदात की बाबत सूचना दी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में ले लिया।
रविदास जयंती : संत रविदास की जन्म भूमि सीर गोवर्धन से रैदासियों की शुरू हो गई वापसी
संत रविदास जयंती के धूमधाम के बाद माघ पूर्णिमा बीतते ही रैदासियों की वापसी सीरगोवर्धन से सोमवार की सुबह शुरू हो गई। अगले बरस फिर गुरु के चरणों की वंदना करने आने की कामना संग रैदासियों ने संत के जन्म स्थली को नमन किया और विदा ली। एक दूसरे की कुशलक्षेम की गुरु से कामना संग अपने वाहनों से गंतव्य की ओर लोगों ने रुख किया। सोमवार सुबह से कतार में लोगों ने मंदिर में दर्शन पूजन के बाद संत रविदास की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर विदायी ली। इस दौरान देश- विदेश से आए रैदासियों के जत्थे एक एक कर रवाना होने लगे। वहीं सीर क्षेत्र में लंगर का दौर अब भी जारी है।
पूर्वांचल में उत्तरी हवाअों ने बढ़ाई गलन, जानिए कैसा रहेगा आने वाले सप्ताह में मौसम का हाल
पूर्वांचल में मौसम का रुख भले सामान्य हो चला हो मगर हवा का रूख बदलते गलन बढ़ गई है। रविवार को सतह से एक किलोमीटर की ऊंचाई पर उत्तरहिया चलने लगी। वहीं इसके ऊपर जम्मू-कश्मीर से ठंड लेकर आ रही पछुआ हवा चल रही है। दो-तीन दिनों तक ऐसी ही स्थिति बनी रहने की संभावना जताई जा रही है। इसके 11 फरवरी के बाद मौसम में फिर बदलाव हो सकता है। सोमवार सुबह भी आसमान साफ रहा मगर ठंडी हवाओं से गलन बढ़ी और लोगाें को ठंड बखूबी महसूस हुई। हालांकि दिन चढ़ने के साथ ही पारा भी चढ़ा और धूप खिलने पर लोगों को ठंड से राहत मिली।