पारिवारिक कलह से तंग आकर मां ने अबोध बच्चे संग खाया जहर, पुत्र की मौत
पारिवारिक कलह से ऊबकर एक मां ने अपने ढाई साल के बच्चे संग जहर खा लिया। इस घटना में ढाई साल के बच्चे आयुष की मौत हो गई जबकि मां कंचन राजभर (27) की हालत गंभीर बनी हुई है।
बलिया, जेएनएन। पारिवारिक कलह से ऊबकर एक मां ने अपने ढाई साल के बच्चे संग जहर खा लिया। इस घटना में ढाई साल के बच्चे आयुष की मौत हो गई जबकि मां कंचन राजभर (27) की हालत गंभीर बनी हुई है। मां का मऊ के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।
भीमपुरा थाना के लोहटा गांव निवासी शिवानंद राजभर की पत्नी कंचन ने शुक्रवार को पति से चूहे मारने वाली दवा मंगाई थी। इसे कंचन ने चाय में डालकर पी लिया और अपने ढाई साल के अबोध बच्चे आयुष को भी पिला दिया। दोनों की हालत खराब होने लगी तो नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महिला ने परिजनों को जहर (चूहे मारने की दवा) खाने की बात बताई। आनन-फानन मां-बेटे को इलाज के लिए मऊ ले जाया गया।
इस दौरान पुत्र आयुष ने दम तोड़ दिया। महिला की हालत देर शाम तक गंभीर बनी हुई है। घटना से क्षेत्र में खलबली मच गई है। पहली पत्नी के निधन के बाद शिवानंद राजभर की दूसरी शादी करीब दो वर्ष पूर्व ही कंचन से हुई थी। कंचन की भी दूसरी शादी बताई जा रही है। पारिवारिक कलह के कारण अक्सर घर में तनाव की स्थिति बनी हुई थी।