वाराणसी में बिजली का खंभा हटाने के दौरान करंट की चपेट में आए तीन युवक, किशोर की मौत
वाराणसी के नरिया स्थित इमाम चौक पर खंभा हटाने के दौरान करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर शमशाद की मौत ...और पढ़ें

वाराणसी में खंभा हटाने के दौरान करंट से किशोर की दर्दनाक मौत, दो झुलसे।
HighLights
वाराणसी में खंभा हटाते समय किशोर को लगा करंट।
14 वर्षीय शमशाद की मौके पर ही हुई मौत।
दो अन्य युवक भी गंभीर रूप से झुलसकर घायल।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लंका थाना क्षेत्र के नरिया स्थित इमाम चौक पर रविवार रात खंभा हटाने के दौरान करंट लगने से 14 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक झुलस गए।
मृतक की पहचान भेलूपुर थाना क्षेत्र के बजरडीहा स्थित फारूकी नगर निवासी शमशाद (14) पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद शहीद के रूप में हुई। चर्चा है कि वह रात करीब 10:30 बजे इमाम चौक पर काम करने गया था। इसी दौरान खंभा हटाते समय करंट की चपेट में आ गया।
बताया गया कि उसे बचाने पहुंचे इब्राहिम उर्फ राहुल और बबलू भी करंट से झुलस गए। आसपास मौजूद लोगों ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां ट्रामा सेंटर में चिकित्सकों ने शमशाद को मृत घोषित कर दिया।
वहीं चिकित्सकों के मुताबिक दोनों अन्य घायलों की स्थिति सामान्य है। शमशाद के पिता और बड़े भाई की पहले ही मौत हो चुकी है। वह मां और बहन के साथ रहता था। हादसे की जानकारी के बाद परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।