बलिया में पत्रकार हत्याकांड में मुख्य आरोपी सहित तीन लोग गिरफ्तार
एक न्यूज चैनल के पत्रकार रतन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित हीरा सिंह सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
बलिया, जेएनएन। एक न्यूज चैनल के पत्रकार रतन सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित हीरा सिंह सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने अभी गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। इस हत्याकांड में पुलिस ने आरोपित प्रधान प्रतिनिधि झाबर सिंह की पिस्टल की लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट भी प्रशासन को भेज दी है।
सूत्रों के अनुसार पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपित हीरा सिंह, अनिल सिंह व उदय सिंह को गिरफ्तार किया है। इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही 6 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है। घटना के बाद पत्रकार रतन सिंह के पिता ने दस लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया था। इस घटना की जांच पुलिस जमीनी विवाद से जोड़ कर कर रही है। गौरतलब है कि सोमवार की रात फेफना गांव में कुछ लोगों ने पत्रकार रतन सिंह की गोली मार कर हत्या कर दी थी।