राबटर्सगंज, लालगंज और मीरजापुर के लोकसभा प्रत्याशी कांग्रेस ने किए घोषित
राबटर्सगंज से भगवती प्रसाद चौधरी आजमगढ़ के लालगंज लोक सीट पर पंकज मोहन सोनकर व मीरजापुर से ललितेशपति त्रिपाठी को टिकट दिया गया है।
वाराणसी, जेएनएन। कांग्रेस की तरफ से राबटर्सगंज से भगवती प्रसाद चौधरी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसी प्रकार आजमगढ़ के लालगंज लोक सीट पर पंकज मोहन सोनकर व मीरजापुर लोस सीट से ललितेशपति त्रिपाठी को टिकट दिया गया है। पूर्वी उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी के क्षेत्र में यह पहली बार लोकसभा प्रत्याशियों की सूची जारी की गई है।
राबट्र्सगंज उम्मीदवार बनाए गए भगवती प्रसाद चौधरी मूल रूप से मीरजापुर नगर के सबरी के रहने वाले हैं। 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट पर राबटर्सगंज सुरक्षित सीट से भाग्य आजमाया था जिसमें 86 हजार वोट प्राप्त हुए थे। भगवती कांग्रेस के पुराने नेता हैं और विधानसभा सीट छानबे पर 1985 में विधायक भी रहे। इसके अलावा मीरजापुुर में दो बार जिला पंचायत अध्यक्ष भी रहे हैं। भगवती के पिता पुरुषोत्तम दास चौधरी मीरजापुर में चार बार कांग्रेस के टिकट पर विधायक रहे। लालगंज से घोषित हुए प्रत्याशी पंकज मोहन सोनकर यूथ कांग्रेस के नेता हैं। इन्हें टिकट मिलना अप्रत्याशित बताया जा रहा है। पार्टी के लोगों के अनुसार पंकज यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष हैं और विभिन्न आंदोलनों में सक्रिय रहे हैं।
इतना ही नहीं पार्टी अध्यक्ष राहुल से पंकज मोहन की नजदीकी है। समझा जा रहा है कि इन्हीं सब कारणों से उन्हें टिकट मिला होगा। वहीं मीरजापुर से कांग्रेस केघोषित प्रत्याशी ललितेशपति त्रिपाठी पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के दिग्गज नेता रहे कमलापति त्रिपाठी प्रपौत्र हैं। 2104 में भी ललितेश ने अनुप्रिया पटेल के खिलाफ चुनाव लड़ा था और 152666 वोट पाकर तीसरे नंबर पर रहे। ललितेश मीरजापुर के मडि़हान विधान सभा क्षेत्र से विधायक रहे चुके हैं।