विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में खराब मौसम की वजह से तीन उड़ानें लखनऊ डायवर्ट, यात्रियों को हुई परेशानी

By Naushad KhanEdited By: Abhishek sharma
Published: Mon, 05 Oct 2026 08:26 PM (IST)

वाराणसी में खराब मौसम और तेज आंधी-बारिश के कारण लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दृश्यता कम होने से ...और पढ़ें

वाराणसी में आंधी-बारिश से विमान सेवा प्रभावित, तीन उड़ानें लखनऊ भेजी गईं।

वाराणसी में आंधी-बारिश से विमान सेवा प्रभावित, तीन उड़ानें लखनऊ भेजी गईं।

HighLights

  1. खराब मौसम के कारण वाराणसी में तीन उड़ानें डायवर्ट हुईं।

  2. बेंगलुरु और हैदराबाद से आ रही उड़ानें लखनऊ भेजी गईं।

  3. यात्रियों को लगभग ढाई घंटे की देरी और परेशानी झेलनी पड़ी।

जागरण संवाददाता (बाबतपुर) वाराणसी। खराब मौसम की वजह से सोमवार की शाम वाराणसी में अचानक बदले मौसम और तेज आंधी-बारिश का असर विमान सेवा पर पड़ा। लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर खराब दृश्यता और लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण बेंगलुरु और हैदराबाद से आने वाली तीन उड़ानों को लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

मौसम सामान्य होने के बाद ये विमान लगभग ढाई घंटे की देरी से वाराणसी पहुंचे, जिससे यात्रियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

एयर इंडिया एक्सप्रेस (IX 1540): बेंगलुरु से अपने निर्धारित समय शाम 5:55 बजे वाराणसी हवाई क्षेत्र में पहुंची। खराब मौसम के कारण लैंडिंग की अनुमति न मिलने पर विमान काफी देर तक हवा में चक्कर काटता रहा और अंततः लखनऊ डायवर्ट कर दिया गया।

इंडिगो (6E 6596): बेंगलुरु से आने वाली यह उड़ान निर्धारित समय 5:45 बजे से आधे घंटे की देरी (6:15 बजे) पर पहुंची, लेकिन इसे भी मौसम की खराबी के चलते लखनऊ डायवर्ट करना पड़ा।

इंडिगो (6E 501): हैदराबाद से आने वाली इस फ्लाइट को भी लैंडिंग की अनुमति न मिलने के कारण लखनऊ भेजना पड़ा।
मौसम में सुधार होने के बाद तीनों विमानों ने रात 8:30 से 9:00 बजे के बीच लखनऊ से वापसी की और वाराणसी में सुरक्षित लैंडिंग के बाद अपने अगले गंतव्य के लिए रवाना हुए।