वाराणसी में 500 ग्राम सोने के सिक्के और 7.65 लाख रुपये के गबन में तीन कर्मचारी गिरफ्तार
वाराणसी में एक नामचीन आभूषण कंपनी के 500 ग्राम सोने के सिक्के और 7.65 लाख रुपये के गबन के आरोप ...और पढ़ें

वाराणसी में सोने के सिक्के और लाखों रुपये गबन मामले में तीन कर्मचारी गिरफ्तार।
HighLights
वाराणसी में 500 ग्राम सोने, 7.65 लाख रुपये के गबन का मामला।
नामचीन आभूषण कंपनी के तीन कर्मचारी गिरफ्तार, दो अन्य फरार।
ऑडिट में 82 लाख रुपये के सोने और नकदी गबन का खुलासा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। 500 ग्राम सोने के सिक्के और 7.65 लाख रुपये हड़पने के आरोप में नामचीन आभूषण कंपनी के तीन कर्मचारियों को सिगरा पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उन्हें पूछताछ के लिए थाने बुलाया था। अपराध में शामिल होने के पर्याप्त आधार मिलने पर कार्रवाई की गई।
आरोपितों के पास से 1,00,120 रुपये बरामद हुए हैं। कंपनी के एरिया बिजनेस मैनेजर राजकुमार और कामर्शियल एक्जीक्यूटिव विशाल तिवारी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। बीते 18 अगस्त को सिगरा थाना में पांच के खिलाफ केस दर्ज हुआ था।
सिगरा थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि नीचीबाग निवासी रितेश कुमार ज्वेलरी दुकान काशी मधुरम के मालिक और नामचीन आभूषण कंपनी की फ्रेंचाइजी के डेजिग्नेटेड पार्टनर हैं।
कंपनी ने कारोबार के लिए फ्रेंचाइजी फर्म को सोने के सिक्के भेजे थे, जिन्हें एरिया बिजनेस मैनेजर राजकुमार ने प्राप्त किया था। सोने के बदले रकम वापस नहीं मिलने पर 18 अगस्त को आडिट कराया गया। जांच में 82 लाख रुपये के सोने के सिक्कों और 7.65 लाख रुपये के गबन का मामला सामने आया।
रितेश ने सोने और नकदी की देखरेख करने वाले कर्मचारियों से पूछताछ की, लेकिन संतोषजनक जवाब नहीं मिला। इसके बाद मिथिलेश, विशाल तिवारी, रवि, राजकुमार और आशुतोष सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कराया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
