कृषि कानून पास करने से पहले किसानों संग चर्चा कर लेते तो यह स्थिति न आती, वाराणसी में बोले दिग्विजय सिंह
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार हर जगह लोकतंत्र की हत्या कर रही है। चुनाव सांप्रदायिक रूप से लड़े जा रहे हैं। किसानों-मजदूरों के साथ कई बैठकें हुईं लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है।
वाराणसी, जेएनएन। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वरिष्ठ कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने कहा कि पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने के लिए सरकार हर जगह लोकतंत्र की हत्या कर रही है। चुनाव सांप्रदायिक रूप से लड़े जा रहे हैं। सरकार की किसानों-मजदूरों के साथ कई बैठकें हुईं लेकिन अभी तक कोई हल नहीं निकल पाया है। सरकार को इसका प्राथमिकता के साथ हल निकालना चाहिए। कृषि कानून पास करने के पहले यदि चर्चा की जाती तो यह स्थिति नहीं होती।
शनिवार को बनारस आए दिग्विजय सिंह शाम को श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचे थे। उन्होंने सपत्नी विधि विधान से बाबा का पूजन अर्चन किया। पत्रकारों से बातचीत में कहा कि मैं बाबा से देश की खुशहाली के लिए कामना करने आया हूं। किसान आंदोलन के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार ठहराए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसान कभी षडयंत्र का शिकार नहीं हुआ है,जन भावना उनके साथ है। हैदराबाद में भाजपा की जीत है पर उन्होंने कहा कि देश में जिस तरह से संप्रदायिकता का जहर घोला गया है वह कट्टरपंथी हिंदू व कट्टरपंथी मुस्लिम द्वारा फैलाया गया है। दोनों मिलकर चुनाव लड़ते हैं। यह हमने बिहार में भी देखा, यूपी में भी देखा और हैदराबाद में भी देखा। बंगाल चुनाव को लेकर सवाल पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि इस संबंध में ममता दीदी से पूछें। दर्शन-पूजन के दौरान उनके साथ पूर्व विधायक अजय राय, जिला अध्यक्ष राजेश्वर पटेल, महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे, जिला उपाध्यक्ष डा. जितेंद्र सेठ, सुनील कपूर, फसाहत हुसैन, मनीष मोरोलिया, रोहित दुबे,
अनुभव राय, विनीत चौबे थे।