विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बनारस में गालीबाजाें को आर्थ‍िक चोट की 'सजा' का 'पूरा मजा' ले गया चोर, थाने पहुंचकर लगाई अर्जी

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 05:32 PM (IST)

वाराणसी के सिगरा स्थित उर्वशी कॉम्प्लेक्स से चोरों ने 'गालीदंड पात्र' से हजारों रुपये चुरा लिए और पात्र भी ले गए। यह पात्र ऑक्सीजन क्लब द्वारा अमर्यादित भाषा रोकने के लिए बनाया गया था, जिसकी राशि समाजसेवा में उपयोग होती थी।

वाराणसी में अनोखे गालीदंड पात्र से हजारों की चोरी, ऑक्सीजन क्लब ने की शिकायत।

वाराणसी में अनोखे गालीदंड पात्र से हजारों की चोरी, ऑक्सीजन क्लब ने की शिकायत।

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र स्थित उर्वशी कॉम्प्लेक्स में बीती रात चोरों ने एक अनोखे 'गालीदंड पात्र' का ताला तोड़कर उसमें जमा हजारों रुपये की नकदी समेट ली और पात्र को भी उठा ले गए। इस अजीबोगरीब चोरी की घटना के बाद ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों ने गालीबाजाें से जमा कराई गई रकम की बाबत सिगरा थाने पहुंचकर लिखित शिकायत दी है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिगरा पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए संदिग्धों की तलाश और छानबीन शुरू कर दी है। चर्चा इस बात की क्षेत्र में अध‍िक है क‍ि गालीबाजाें की सजा का मजा चोर कैसे आख‍िर ले गया है। वहीं एक अपराध की सजा के जुर्माने को दूसरे अपराधी द्वारा चोरी करने की खबर शहर भर में वायरल है। 

अमर्यादित भाषा रोकने के लिए थी अनूठी पहल

ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों के अनुसार, परिसर और संवाद के दौरान गाली-गलौज व अमर्यादित भाषा के उपयोग पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह विशेष व्यवस्था शुरू की गई थी। नियम के तहत यदि किसी सदस्य के मुंह से गाली या अमर्यादित शब्द निकलते थे, तो उस पर जुर्माना लगाया जाता था और वह राशि 'गालीदंड पात्र' में जमा कराई जाती थी।

अपार्टमेंट के भूतल और अंडरग्राउंड हिस्से में रखे गए इस दंड पात्र को भी चोरों ने नहीं बख्शा। सुबह जब लोग उठे, तो न केवल पात्र गायब मिला, बल्कि कॉम्प्लेक्स के भीतर कुछ फ्लैटों के ताले भी टूटे हुए पाए गए।

सेवा कार्यों में खर्च होती थी जमा राशि

अधिवक्ता देवेश श्रीवास्तव "बच्ची" ने घटना का विवरण देते हुए बताया कि ऑक्सीजन क्लब से जुड़े लोग प्रतिदिन सुबह सिगरा स्थित उर्वशी कॉम्प्लेक्स के नीचे एकत्रित होते हैं। आपसी अनुशासन और सकारात्मक माहौल बनाए रखने के लिए क्लब ने 'गालीदंड पात्र' की अनूठी पहल की थी। देखते ही देखते इस पात्र में गाली के जुर्माने के रूप में हजारों रुपये जमा हो गए।

सदस्यों के मुताबिक, इस पात्र में एकत्र होने वाली राशि का उपयोग समाजसेवा के कार्यों में किया जाता था और हर माह यह धनराशि अमन कबीर तथा जानवरों के सेवक सुनील लहरी को सौंपी जाती थी। हालांकि, बीती रात चोरों ने अंडरग्राउंड में रखे पात्र का ताला तोड़ा और पूरी नकदी समेत पात्र को ही अपने साथ ले गए।

फ्लैटों के ताले टूटने से सुरक्षा पर उठे सवाल

क्लब के सदस्यों ने बताया कि चोरी की इस वारदात के दौरान कॉम्प्लेक्स के कई फ्लैटों के ताले भी टूटे मिले हैं। एक साथ कई फ्लैटों के ताले टूटना और अनोखे दंड पात्र का चोरी हो जाना क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। निवासियों और सदस्यों में इस घटना को लेकर चर्चा के साथ-साथ सुरक्षा को लेकर चिंता भी देखी जा रही है।

पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की मांग

घटना के बाद ऑक्सीजन क्लब के सदस्यों ने सिगरा थाने में अर्जी देकर पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी है। शिकायत में चोरों का पता लगाकर चोरी गई नकदी व पात्र बरामद करने तथा कॉम्प्लेक्स व आसपास के क्षेत्र में गश्त व सुरक्षा बढ़ाने की मांग की गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है और आसपास के संदिग्धों व गतिविधियों को लेकर पड़ताल जारी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।