विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में एसआइआर के पहले की वोटर लिस्ट से अभी 3,83,436 मतदाता कम

By Ashok Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Wed, 18 Nov 2026 12:38 PM (IST)

वाराणसी में विधानसभा मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन हो गया है, जिसमें विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या ...और पढ़ें

वाराणसी मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन 3.83 लाख मतदाता कम हुए।

वाराणसी मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन 3.83 लाख मतदाता कम हुए।

HighLights

  1. वाराणसी में विधानसभा मतदाता सूची का आलेख प्रकाशन हुआ।

  2. पुनरीक्षण के बाद 3.83 लाख मतदाता कम दर्ज किए गए।

  3. नाम जोड़ने, काटने और संशोधन की प्रक्रिया शुरू हुई।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के बाद विधानसभा मतदाता सूची का मंगलवार को आलेख प्रकाशन कर दिया गया है। वोटर लिस्ट के प्रकाशन के बाद अब जनपद की आठ विधानसभा क्षेत्र में 27 लाख 70 हजार 269 मतदाता हो गए हैं। यह संख्या विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के बाद जारी मतदाता सूची से अभी भी तीन लाख 83 हजार 436 कम है।

एसआइआर के पहले 2025 में जनपद में मतदाताओं की कुल संख्या 31 लाख 53 हजार 705 थी। मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने, संशोधित करने की प्रक्रिया मंगलवार से प्रारंभ हो गई है। एसआइआर के दौरान किसी का व्यक्ति का नाम कटा है तो वह नाम जोड़ने के लिए आवेदन कर सकता है।

जिला निर्वाचन अधिकारी व जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की तरफ से मंगलवार को मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया। नई सूची में जनपद में कुल मतदाताओं की संख्या 27,70,269 दर्ज की गई है। इसमें महिलाओं की संख्या 12,65,541 और पुरुषों की संख्या 15,04,616 है। सूची में तृतीय जेंडर के 112 मतदाता, 18 से 19 वर्ष के 20625 मतदाता, दिव्यांग मतदाता 26420 हैं। जनपद में सर्वाधिक मतदाता कैंट विधानसभा क्षेत्र में 3,88,228 हैं। वहीं सबसे कम मतदाता शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र में 2,72,305 हैं।

यूं रही एसआइआर की प्रक्रिया
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 27 अक्टूबर 2025 को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) का कार्यक्रम घोषित हुआ। इस दौरान जिले में 31 लाख 53 हजार 705 वोटर रहे। पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत चार नवंबर से 26 दिसंबर के मध्य बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराने तथा उसके संग्रह का कार्य किए। इसके बाद छह जनवरी 2026 को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन हुआ।

एएसडी यानी अनुपस्थित, शिफ्टेड व मृतक सूची में शामिल पांच लाख 73 हजार 203 वोटरों का नाम हटाया गया। इसके बाद वोटरों की संख्या 25 लाख 80 हजार 502 रही। छह जनवरी 2026 से 27 फरवरी 2026 के मध्य नो मैपिंग में शामिल एक लाख 62 हजार 680 वोटरों के साथ तार्किक विसंगति में शामिल एक लाख 90 हजार से अधिक वोटरों को नोटिस जारी हुई और जनपद में चिहि्नत 118 स्थानों पर अफसरों ने सुनवाई की। दावे व आपत्तियों के निस्तारण के पश्चात मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन हुआ।

वर्तमान में विधानसभावार वोटरों की संख्या

पिंडरा----335469

अजगरा---346527

शिवपुर ---364565

रोहनिया --371711

उत्तरी ----372472

दक्षिणी --272305

कैंटोमेंट--388228

सेवापुरी --318982

कुल योग -- 2770269
----------------
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, काटने की प्रक्रिया शुरू

मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के आलेख्य प्रकाशन के साथ ही मतदाता सूची में नाम जोड़ने और काटने की प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों के पदाधिकारियों को मतदाता सूची सौंपी। साथ ही मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन जनपद के समस्त मतदेय स्थलों पर बीएलओ की उपस्थिति में किया गया। जिलाधिकारी ने समस्त मान्यता प्राप्त राजनैतिक दलों से अधिक से अधिक पात्र मतदाताओं को मतदाता सूची में सम्मिलित कराने के लिए अनुरोध किया।

कहा नागरिक अपने नाम, आयु, लिंग व फोटो सहित अन्य विवरणों की शुद्धता भी जांच कर सकेंगे। 21 व 22 नवंबर और 28 व 29 नवंबर, 2026 को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इन चारों दिनों में बूथ लेवल अधिकारी अपने-अपने मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर नागरिकों से दावे-आपत्तियां प्राप्त करेंगे। सभी से 16 दिसंबर, 2026 तक दावे व आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।

इस अवधि में पात्र नागरिकों का नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, मतदाता सूची में नाम शामिल किए जाने पर आपत्ति अथवा अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फार्म-7 और नाम, पता व अन्य विवरणों में संशोधन, निवास परिवर्तन, ईपीआइसी प्रतिस्थापन व दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नांकन के लिए फार्म-8 भरा जा सकेगा।

प्राप्त दावे व आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर, 2026 तक किया जाएगा। प्रकाशित मतदाता सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in व जिला निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://Varanasi.nic.in और सभी संबंधित मतदेय स्थलों तथा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के कार्यालयों में भी उपलब्ध है। पुनरीक्षण की इस प्रक्रिया के बाद मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चार जनवरी को होगा।

बूथों पर फोटो बनाकर चलते बने बीएलओ
मतदाता बनने, नाम काटने और संशोधन आदि के लिए एक बार फिर लोगों को मौका मिला है। पहला दिन कुछ खास नहीं रहा। बूथों पर या तो बीएलओ नहीं पहुंचे या पहुंचकर फोटो बनाकर, सेल्फी लेकर चलते बने। जागरण की टीम तीन बजे कस्तुरबा बालिका इंटर कालेज महावीर मंदिर, सवा तीन बजे जेपी मेहता इंटर कालेज कचहरी पहुंची तो बीएलओ अनुपस्थित थे। सदर तहसील परिसर के बूथ पर भी दोपहर पौने तीन बजे एक भी बीएलओ नहीं दिखा। अधिकारी राजनीतिक दलों को मतदाता सूची देने में व्यस्त रहे। यह हाल तब है जब जनपद में एसआइआर में जनपद में पांच लाख से अधिक मतदाता का नाम कट गया था। इसे लेकर प्रदेश भर में आज हाय तौबा मची हुई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।