विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मारीशस से फिजी तक गूंजेंगी सत्यनारायण और सावित्री-सत्यवान की कथाएं, बीएचयू में पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम में जुड़ा अध्‍याय

By Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 12:12 PM (IST)

काशी हिंदू विश्वविद्यालय मॉरीशस, गुयाना, सूरीनाम और फिजी जैसे देशों के विदेशी छात्रों के लिए पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का विस्तार ...और पढ़ें

काशी हिंदू विश्वविद्यालय का पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम विदेशों में फैलाएगा सनातन संस्कृति।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय का पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम विदेशों में फैलाएगा सनातन संस्कृति।

HighLights

  1. बीएचयू ने विदेशी छात्रों के लिए पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का दायरा बढ़ाया।

  2. विवाह, जनेऊ, मुंडन सहित विभिन्न व्रत-कथाओं का व्यावहारिक ज्ञान मिलेगा।

  3. प्रशिक्षित पुरोहित विदेशों में भारतीय सनातन परंपराओं के संवाहक बनेंगे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारत की सनातन परंपराओं और धार्मिक संस्कारों की गूंज अब मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी जैसे देशों में भी सुनाई देगी। वहां रहने वाले भारतीय मूल के लोगों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम का दायरा बढ़ाने की तैयारी की है।

अब तक यज्ञों के विधान और अनुष्ठानों का प्रशिक्षण पाने वाले विदेशी विद्यार्थियों को विवाह, जनेऊ और मुंडन जैसे संस्कारों के साथ विभिन्न धार्मिक व्रत-कथाओं का भी व्यावहारिक ज्ञान दिया जाएगा। प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद ये विद्यार्थी अपने-अपने देशों में भारतीय सनातन परंपराओं के संवाहक बनेंगे।

बीएचयू के भारत अध्ययन केंद्र की ओर से संचालित पुरोहित प्रशिक्षण कार्यक्रम में यह नया अध्याय जोड़ा जा रहा है। केंद्र के समन्वयक प्रो. शरदेंदु त्रिपाठी ने बताया कि पिछले वर्षों से संचालित इस प्रशिक्षण में विद्यार्थियों को चंडी महायज्ञ, विष्णु महायज्ञ सहित विभिन्न यज्ञों के विधान, पूजन पद्धति और कर्मकांडों की जानकारी दी जाती रही है। अब इसके साथ हिंदू धर्म के सोलह संस्कारों में शामिल प्रमुख संस्कारों और धार्मिक कथाओं को भी जोड़ा जा रहा है।

उन्होंने बताया कि विद्यार्थियों को सत्यनारायण कथा, तीज व्रत कथा और सत्यवान-सावित्री व्रत कथा का विधि-विधान सहित प्रशिक्षण दिया जाएगा। विवाह, जनेऊ और मुंडन संस्कार कराने की प्रक्रिया भी सिखाई जाएगी। उद्देश्य है कि प्रशिक्षण लेने वाले विद्यार्थी अपने देश में जाकर इन धार्मिक परंपराओं का विधिवत निर्वहन करा सकें। इससे वहां की नई पीढ़ी भी भारतीय संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और संस्कारों से परिचित हो सकेगी।

भारतीय संस्कृति के बनेंगे सांस्कृतिक दूत
प्रो. त्रिपाठी के अनुसार, मारीशस, गयाना, सूरीनाम और फिजी सहित कई देशों में भारतीय मूल के लोगों के बीच अपनी धार्मिक-सांस्कृतिक परंपराओं को जानने और उनसे जुड़े रहने की ललक है। ऐसे में प्रशिक्षित पुरोहित वहां धार्मिक आयोजनों, संस्कारों और कथा-प्रवचनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे। इस तरह काशी से प्रशिक्षित पुरोहित विदेशों में सनातन परंपराओं के प्रचार-प्रसार की कड़ी बनेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।