वाराणसी सहित पूर्वांचल में अगले तीन दिनों में गिर सकता तापमान, बढ़ेगी ठंड
वाराणसी में मौसम का मिजाज बदल रहा है, सुबह धुंध के बाद धूप खिली। मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों ...और पढ़ें

वाराणसी और पूर्वांचल में बढ़ेगी ठंड, अगले तीन दिनों में गिरेगा तापमान।
HighLights
वाराणसी में सुबह धुंध छाई रही, विजिबिलिटी घटी।
अगले तीन दिनों में तापमान 3-5 डिग्री सेल्सियस गिरेगा।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण ठंड और कोहरा बढ़ेगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। मौसम का मिजाज अब धीरे-धीरे बदलने लगा है। रविवार की सुबह काशी धुंध की चादर में लिपटी रही। सुबह दृश्यता कम होने के कारण लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर विजिबिलिटी घटकर 600 मीटर रह गई। हालांकि, सूरज चढ़ने के साथ ही धुंध छंट गई और मौसम साफ हो गया। दिन में धूप खिलने से लोगों को राहत मिली, लेकिन मौसम विज्ञानियों ने आने वाले दिनों में ठंड बढ़ने के संकेत दिए हैं।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार, रविवार को वाराणसी एयरपोर्ट मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 30.5 डिग्री और न्यूनतम 16.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों तापमान सामान्य से क्रमश: 0.3 और 1.6 डिग्री अधिक रहे।
वहीं, बीएचयू मौसम केंद्र पर अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 18 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। यहां भी अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.3 और 3.2 डिग्री अधिक रहा। शनिवार की तुलना में एयरपोर्ट केंद्र पर अधिकतम तापमान 0.2 डिग्री बढ़ा, जबकि बीएचयू केंद्र पर 0.6 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। दोनों केंद्रों पर न्यूनतम तापमान में कोई बदलाव नहीं हुआ।
मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ विज्ञानी डा. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में हुई छिटपुट वर्षा के बाद उत्तर-पश्चिमी हवाओं का प्रभाव बढ़ेगा। इसके चलते अगले तीन दिनों में प्रदेश के दिन और रात के तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। तापमान सामान्य या उससे नीचे पहुंचने के साथ ठंड बढ़ेगी। सुबह के समय कोहरे में भी वृद्धि होगी और कुछ स्थानों पर घना कोहरा छा सकता है।
दो दिनों से स्थिर बना हुआ है न्यूनतम तापमान
मौसम केंद्र-अधिकतम तापमान-न्यूनतम तापमान
एयरपोर्ट (14 नवंबर) 30.3°C 16.8°C
एयरपोर्ट (15 नवंबर) 30.5°C 16.8°C
बीएचयू (14 नवंबर) 31.6°C 18°C
बीएचयू (15 नवंबर) 31°C 18°C