Varanasi City Weather Update : वातावरण से नमी नदारद, तापमान ने लगाई चालीस डिग्री पार की छलांग
मौसम का रुख बदलाव की ओर होने के साथ अब गर्मी का दौर भी शुरू हो चुका है। पारा अधिकतम चालीस डिग्री को पार कर 45 के करीब होने की ओर अग्रसर है। इसी के साथ ही वातावरण में गर्मी का असर सुबह के बाद से ही होने लगा है।
वाराणसी, जेएनएन। मौसम का रुख बदलाव की ओर होने के साथ ही अब गर्मी का दौर भी शुरू हो चुका है। पारा अधिकतम चालीस डिग्री को पार कर 45 के करीब होने की ओर अग्रसर है। इसी के साथ ही वातावरण में गर्मी का असर सुबह के बाद से ही होने लगा है। मौसम विज्ञानी मान रहे हैं कि अब वातावरण में नमी का बढ़ा स्तर और लोकल हीटिंग ही बादलों की सक्रियता का कारण बन सकता है। इसके साथ ही वातावरण में नमी का घटता स्तर शुष्क वातावरण का संकेत दे रहा है। वहीं ठंड गर्म का मेल सेहत संबंधी दुश्वारियों और संक्रमण का बड़ा कारण भी बन रहा है।
मंगलवार की सुबह आसमान साफ रहा और सुबह ठंडी हवाएं भी चलीं, सुबह नौ बजे के बाद सूरज के ताप के साथ हवाओं ने भी कदमताल करना शुरू किया और वातावरण में गर्मी का असर शुरू हो गया। तापमान में अधिकता शुरू हुई जो दोपहर में चालीस डिग्री को पार कर जाएगी। पहाड़ों पर लगातार बारिश की स्थिति बनी है मगर इसका असर मैदानी क्षेत्रोंं में अरब सागर से आने वाली हवाओं की वजह से नहीं हो पा रहा है। अब लू के थपेड़ों का भी दौर शुरू होने की ओर है। इसके बाद दो माह तक तल्ख गर्मी का दौर लोगों को परेशान करेगा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 40.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा, न्यूनतम तापमान 21.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो सामान्य रहा। आर्द्रता इस दौरान अधिकतम 34 फीसद और न्यूनतम 25 फीसद दर्ज की गई। आसमान में बादलों की सक्रियता नहीं है और वातावरण में नमी का स्तर भी कम है। वातावरण से नमी की कमी होने की वजह से बादलों की एक दो दिन सक्रियता का कोई अंदेशा नहीं है। हालांकि, इस सप्ताह के आखिर में आसमान में बादलों की सक्रियता का अंदेशा मौसम विभाग ने जाहिर किया है।