वाराणसी सहित पूर्वांचल में तापमान ने लगाया गोता, गलन भरी हवाओं ने पकड़ा जोर
वाराणसी और पूर्वांचल में सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज की गई, जहां तापमान 12 डिग्री से नीचे चला गया और अंचलों में घना कोहरा छाया रहा। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह ठंडक और सुबह कोहरे का अनुमान जताया है, पहाड़ों पर बर्फबारी से गलन भरी हवाएं जारी रहेंगी।

वाराणसी और पूर्वांचल में कड़ाके की ठंड, तापमान में भारी गिरावट।
HighLights
वाराणसी में सीजन की सबसे ठंडी सुबह दर्ज हुई।
तापमान 11.8 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, गलन बढ़ी।
पूर्वांचल में कोहरा और ठंडी हवाएं जारी रहेंगी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। सीजन में सबसे ठंडी सुबह बुधवार की साबित हुई जब गलन का असर इतना हुआ कि पारा 12 डिग्री से नीचे तक जा पहुंचा। वहीं सुबह अंचलों में कोहरा भी असर करता रहा तो वहीं दिन चढ़ने पर धूप ने लोगों को राहत दी और कोहरा छंट गया जबकि शहर में कोहरे का असर तो कम रहा लेकिन ठंडक की वजह से दुश्वारियों का दौर बना रहा।
बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 27.2°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 11.8°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.2 डिग्री कम रहा। जबकि आर्द्रता न्यूनतम 62% और अधिकतम 88% दर्ज की गई। तापमान में व्यापक गिरावट का दौर बुधवार की सुबह दर्ज किया गया जब सीजन में सबसे कम तापमान वाला दिन साबित हुआ।
दरअसर अकवान चक्रवात के गुजरने के बाद बने वैक्युम को भरने के लिए ठंडक लिए हुए हवाओं का आगमन पूर्वांचल में हुआ। इसकी वजह से पूर्वांचल के कई जिलों में कोहरे का भी दौर रहा और दिन चढ़ने के साथ ही गलन भरी हवाओं का दौर कुछ कमजोर पड़ा तो वहीं शाम को ठंडक का असर दोबारा महसूस होने लगा। हालांकि दिन की धूप लोगों को पर्याप्त राहत देती रही।
मौसम विभाग की ओर से इस पूरे सप्ताह मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग की ओर से इस पूरे सप्ताह बादलों की कमी के साथ ही साफ आसमान के बीच सुबह कोहरे का अनुमान है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ठंडक के साथ ही पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी की वजह से गलन भरी हवाएं पूर्वांचल सहित वाराणसी को प्रभावित करेंगी।