जान का खतरा बता, धरनारत सभासदों ने पुलिस से लगाई सुरक्षा की गुहार, छठवें दिन भी धरना जारी
सभासदों द्वारा दिए गए लिखित तहरीर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
वाराणसी, जेएनएन। पालिका परिषद में धरना पर बैठे सभासदों ने पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है। भाजपा सभासद अशोक अग्रहरि के लेटरहेड पर सभासद विशाल जायसवाल, दिलीप जायसवाल, हरिशंकर सिंह तथा अजय कुमार ने हस्ताक्षरयुक्त तहरीर पुलिस को दिये है। सभासदों द्वारा दिए गए लिखित तहरीर में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ जान से मारने की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया गया है। पत्र में लिखा गया है कि देर रात में कुछ लोग पालिका परिसर में आये और धरनारत सभासदों की ओर इशारा करते हुए दिखाया गया। फिलहाल पुलिस रात में धरनारत स्थल की ओर गश्त बढ़ा दी है। भाजपा सभासद अशोक अग्रहरि ने कहा कि कुछ लोग धरना समाप्त कराने के लिए दबाव बना रहे हैं।
मालूम हो कि पालिका प्रशासन की उदासीनता से बोर्ड की स्वीकृति के बावजूद काम नहीं किया गया।जिससे नाराज सभासद पिछले छह दिन से धरना दे रहे हैं। सभासदों का आरोप है कि जब बोर्ड ने स्वीकृति दे दी तो क्या मजबूरी थी कि शमशान घाट का सुंदरीकरण नहीं किया गया, जेसीबी मशीन तथा डम्पर खरीदी गई। हालांकि पालिका अध्यक्ष रेखा शर्मा व अधिशासी अधिकारी संजय कुमार का कहना है कि बोर्ड ने पास तो किया है लेकिन धन शासन से नहीं मिला है। जबकि जेम पोर्टल से खरीदारी की प्रक्रिया के लिए टेण्डर किया गया है।