सात दिन में बताएं दवाओं की खरीद-बिक्री कीमत, वरना लाइसेंस होगा निलंबित, काशी में कड़े निर्देश जारी
वाराणसी में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने नकली दवाओं और मनमानी कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए सख्त कार्रवाई शुरू की है। जांच में कई फार्मेसियों द्वारा खरीद-बिक्री का ब्योरा न देने पर नोटिस जारी कर 7 दिन में जानकारी मांगी गई है, अन्यथा लाइसेंस निलंबित हो सकता है।

वाराणसी में दवाओं की खरीद-बिक्री पर सख्ती, लाइसेंस निलंबन की चेतावनी।
HighLights
FSDA ने वाराणसी में नकली दवाओं, मनमानी कीमतों पर सख्ती की।
अस्पताल, क्लीनिक फार्मेसियों की जांच में आदेश का पालन नहीं मिला।
7 दिन में ब्योरा न देने पर फार्मेसी लाइसेंस निलंबित होगा।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। नकली दवाओं की बिक्री और दवाओं की मनमानी कीमतों पर अंकुश लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) ने सख्ती शुरू कर दी है। जिले के 560 हास्पिटल, 251 क्लीनिक की फार्मेसियों की जांच की गई। इसमें कई फार्मेसियों में एक अक्टूबर को जारी आदेश का अनुपालन नहीं मिला।
ऐसे में संबंधित फार्मेसियों को नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर दवाओं की खरीद और बिक्री कीमत का ब्योरा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित समय में जानकारी नहीं देने पर संबंधित फार्मेसी का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। औषधि विभाग की इस कार्रवाई से अस्पतालों और मेडिकल स्टोर संचालकों में हलचल है। खरीद और बिक्री मूल्य की जानकारी उपलब्ध होने से दवाओं की कीमतों में पारदर्शिता आएगी और मरीजों को आर्थिक शोषण से बचाने में मदद मिलेगी।
वाराणसी जिले में करीब पांच हजार थोक और फुटकर दवा विक्रेता मेडिकल स्टोर का संचालन कर रहे हैं। ऐसे में औषधि विभाग के सामने दवाओं की गुणवत्ता के साथ उनकी कीमतों पर निगरानी रखने की भी बड़ी चुनौती है। प्रदेश स्तर पर चल रहे अभियान का उद्देश्य दवाओं की खरीद और बिक्री में पारदर्शिता सुनिश्चित करना तथा मरीजों से निर्धारित मूल्य से अधिक वसूली पर रोक लगाना है।
ड्रग इंस्पेक्टर जूनाब अली ने बताया कि एक अक्टूबर को जारी आदेश के तहत फार्मेसियों को दवाओं की खरीद और बिक्री कीमत का विवरण रखना और उपलब्ध कराना था। जांच के दौरान आदेश का अनुपालन नहीं मिलने पर संबंधित अस्पताल फार्मेसियों को नोटिस दिया गया है। उन्हें सात दिन के भीतर पूरा ब्योरा देना होगा। ऐसा नहीं करने पर औषधि एवं प्रसाधन सामग्री अधिनियम के तहत लाइसेंस निलंबन की कार्रवाई की जा सकती है।