जौनपुर में नशे में धुत दूल्हा देख शादी से इनकार, बरात बैरंग वापस लौटी Jaunpur News
शाहगंज क्षेत्र के सिधाई गांव में शनिवार की रात आई बारात के द्वारचार के कार्यक्रम दौरान दूल्हे को नशे में धुत देख कर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया।
जौनपुर, जेएनएन। शाहगंज क्षेत्र के सिधाई गांव में शनिवार की रात आई बारात के द्वारचार के कार्यक्रम दौरान दूल्हे को नशे में धुत देख कर दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घराती पक्ष के लोगों ने बारातियों को बंधक बना लिया। इस सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आपसी समझौते के बाद बारातियों को मुक्त कराया और बारात बैरंग वापस लौट गई।
क्षेत्र के सिधाई गांव निवासी केशव प्रसाद यादव की लड़की बबिता से विवाह करने के लिए आजमगढ़ जनपद के सरायमीर थाना क्षेत्र के छिटटू पट्टी निवासी दीपचंद यादव के पुत्र रामू यादव की बरात शनिवार की रात को आई थी। विवाह समारोह के द्वार पूजा के कार्यक्रम के दौरान पहले तो बरातियों व घरातियों मे कहासुनी और हाथापाई हुई। इस बीच दूल्हा भी हंगामा करने लगा, दूल्हे के हंगामे के बाद उसके नशे में धुत होने की बात सामने आई तो लड़की ने नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से इंकार कर दिया।
शादी से इनकार के बाद घराती पक्ष के लोगों ने बराती पक्ष के लोगों को बंधक बना लिया। पूरे घटनाक्रम की जानकारी किसी ने कोतवाली पुलिस को दी तो पुलिस मौके पर पहुंची और दूल्हन को समझाने का प्रयास किया गया लेकिन दुल्हन शादी न करने की बात पर अड़ी रही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच रुपए पैसे की लेनदेन का मामला तय करा कर पुलिस ने बारातियों को मुक्त कराया और बरात बैरंग वापस लौट गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप