विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में रेलवे निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम पर हमला, अभियंता से मारपीट, बुलडोजर से कुलचने की कोश‍िश का आरोप

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 11:32 AM (IST)

वाराणसी के नक्खीघाट में रेलवे परियोजना के लिए अतिक्रमण हटाने गई टीम और स्थानीय लोगों के बीच विवाद हो गया, जिसमें मारपीट और पथराव हुआ। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला, जान से मारने की धमकी और बुलडोजर से कुचलने के प्रयास का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

वाराणसी में रेलवे अतिक्रमण हटाने के दौरान हिंसक झड़प अभियंता पर हमला बुलडोजर से कुचलने का आरोप।

वाराणसी में रेलवे अतिक्रमण हटाने के दौरान हिंसक झड़प अभियंता पर हमला बुलडोजर से कुचलने का आरोप।

HighLights

  1. रेलवे अतिक्रमण हटाने गई टीम पर स्थानीय लोगों का हमला।

  2. अभियंता पर मारपीट, पथराव, जानलेवा धमकी का आरोप लगा।

  3. स्थानीय ने बुलडोजर से कुचलने का आरोप लगाते हुए केस किया।

जागरण संवाददाता. वाराणसी। जैतपुरा थाना क्षेत्र के नक्खीघाट में रेलवे की निर्माणाधीन परियोजना के लिए अतिक्रमण हटाने पहुंची टीम और स्थानीय लोगों के बीच बुधवार को विवाद हो गया। विरोध के दौरान मारपीट और ईंट-पत्थर चलने का आरोप है। कार्यदायी संस्था के वरिष्ठ अभियंता महेंद्र कुमार योगी ने विशाल सोनकर समेत पांच लोगों पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का मुकदमा दर्ज कराया है।

वहीं विशाल सोनकर ने महेंद्र सिंह और उनके साथ आए आधा दर्जन अज्ञात लोगों पर बाउंड्रीवाल तोड़ने, जातिसूचक गाली देने मारपीट करने और बुलडोजर से कुचलकर हत्या का प्रयास करने का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। रेलवे की वाराणसी-दीनदयाल उपाध्याय (डीडीयू) मिड सेक्शन डाउनलाइन परियोजना के तहत नक्खीघाट स्थित ब्रिज संख्या-20 के पास पाइलिंग का कार्य कराया जा रहा है।

परियोजना के लिए निर्धारित स्थल पर अतिक्रमण होने के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। अतिक्रमण हटाने के लिए रेलवे की ओर से संबंधित पक्ष को तीन बार नोटिस जारी कर जगह खाली करने को कहा गया था। इसके बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसके बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर संयुक्त टीम गठित की गई।

टीम ने स्थल का निरीक्षण करने के बाद बुधवार को अतिक्रमण हटाकर रेलवे निर्माण के लिए जमीन खाली कराने की कार्रवाई शुरू की। कार्यदायी संस्था एमएलसीसी-मारुति जेवी के वरिष्ठ अभियंता महेंद्र कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह संस्था के अधिकृत प्रतिनिधि के रूप में मौके पर मौजूद थे। इसी दौरान विशाल सोनकर ने विरोध करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।

आरोप है कि उसके ललकारने पर बजरंगी सोनकर, अनिल सोनकर, अरुण कुमार सोनकर उर्फ बाघ, रिक्की सोनकर और शुभम सोनकर उर्फ भागुर भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने एकजुट होकर उनके साथ मारपीट की और ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इसमें उन्हें शारीरिक चोटें आईं। आरोपितों ने जान से मारने की धमकी भी दी। अभियंता के मुताबिक घटना के कारण रेलवे की महत्वपूर्ण निर्माण परियोजना का काम बाधित हुआ।

एसओ जैतपुरा उपेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ जैतपुरा थाने में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। एक ओर रेलवे परियोजना के निर्माण कार्य में बाधा और अभियंता से मारपीट का आरोप है तो दूसरी ओर प्लाट की बाउंड्रीवाल तोड़ने और जानलेवा हमले की शिकायत की गई है। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।

बुलडोजर से कुचलने का प्रयास करने का आरोप

दूसरी ओर विशाल सोनकर निवासी नक्खीघाट ने अपनी तहरीर में बताया कि आराजी संख्या 48/1 स्थित प्लाट पर उसका कब्जा है। आरोप लगाया कि 25 नवंबर की शाम करीब पांच बजे महेंद्र सिंह योगी अपने साथ आधा दर्जन अज्ञात लोगों को लेकर बुलडोजर से पहुंचे और बिना किसी पूर्व सूचना के उसकी बाउंड्रीवाल क्षतिग्रस्त करने लगे।

विरोध करने पर महेंद्र सिंह योगी और उनके साथियों ने गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। विशाल का आरोप है कि उसे जातिसूचक अपशब्द कहकर अपमानित किया गया और जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया। इसके बाद उसके ऊपर बुलडोजर चढ़ाकर कुचलने का प्रयास किया गया। किसी तरह जान बचाकर उसने डायल 112 पर सूचना दी। पुलिस की मदद से उसकी जान बच सकी।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।