घर बैठे ही मोबाइल एप से रखें बेजुबानों का ख्याल, लांच हुआ वैक्सीनेशन गाइड एप
पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है। पशुओं के बीमारी के बारे में जानकारी करनी है तो इसके लिए चिंता की जरूरत नहीं है।
सोनभद्र, [दीपक शुक्ला]। पशुपालकों के लिए अच्छी खबर है। पशुओं के बीमारी के बारे में जानकारी करनी है तो इसके लिए चिंता की जरूरत नहीं है। अब घर बैठे ही एक क्लिक पर मोबाइल एप के माध्यम से पशुओं की बीमारी के बारे में जानकारी मिल जाएगी। जिससे पशुपालक इलाज करने के साथ ही संबंधित डाक्टर तक पहुंच जाएगा।
इससे तरह-तरह के चिकित्सकों के पास भाग-दौड़ से बचा जा सकता है। इसके लिए केंद्रीय पशु चिकित्सा अनुसंधान ने मोबाइल एप आइवीआरआइ वैक्शीनेशन गाइड लांच किया है। प्ले स्टोर पर जाकर इस एप को डाउन लोड किया जा सकता है।
इंसान व जानवरों का रिश्ता सदियों पुराना है। दोनों एक दूसरे के पूरक भी हैं। अपनी जरूरतों व शौक के लिए लोग जानवरों को रखते हैं। जिनसे उनका काफी लगाव भी होती है। मगर उनके स्वास्थ्य को लेकर लोग अंजान बने रहते हैं। जो सजग भी रहते हैं, उन्हें भी वैक्सीनेशन व अन्य जरूरतें पता नहीं चल पातीं। लोगों की इसी समस्या को लेकर केंद्रीय पशु चिकित्सा अनुसंधान संस्थान (आरवीआरआइ) ने एक मोबाइल एप आइवीआरआइ वैक्शीनेशन गाइड लांच किया है। इससे करीब एक दर्जन पशुओं की बीमारी और वैक्सीन के बारे में जानकारी मिलती है। इस एप के माध्यम से पशुपालक अपने पशुओं की बीमारी के बारे में जानकारी प्राप्त करने के साथ ही उनका उपचार भी कर सकते हैं।
कैसे मिलती है जानकारी
मोबाइल के प्ले स्टोर में जाकर आइवीआरआइ वैक्शीनेशन गाइड लांच एप को पहले अपने मोबाइल पर डाउन लोड करना होता है। इसके बाद एप को इंस्टाल कर उस पर पशुओं से संबंधित बीमारी डालते ही उसके निदान की जानकारी आपको मिल जाएगी। कई बार पालतू जानवर बीमार रहता है लेकिन बोल न पाने के चलते समस्या का पता लगाना मुश्किल होता है। एप के माध्यम से हर बीमारी के शुरुआती लक्षण और इसकी वजह के बारे में भी बताया गया है। ताकि वैक्शीनेशन के जरिए समय पर उपचार हो सके। आइवीआरआइ के वैज्ञानिक जानवरों को सेहतमंद और लंबी उम्र के लिए समय पर वैक्सीनेशन को अहम मानते हैं।
एप पर हेल्पलाइन नंबर मौजूद
अगर आप अपने जानवर के व्यवहार में आ रहे बदलाव को लेकर परेशान हैं। इलाके में कोई अच्छा पशु चिकित्सक नहीं है या वह बीमारी नहीं पकड़ पा रहा है तो ऐसी स्थिति में भी एप काफी फायदेमंद है। इसका कारण है कि इसमें हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया है। इसकी मदद से आप संबंधित डाक्टर से बातकर उचित इलाज और नजदीकी पशु चिकित्सक की जानकारी हासिल कर सकते हैं।
बोले अधिकारी
पशुपालकों को जो भी जानकारी पशुओं के बारे में चाहिए वह इस एप के माध्यम से मिल जाएगी। बहुत कम पशुपालक वैक्सीन के प्रति जागरूक हैं। वैक्सीन के क्या फायदे हैं, कब लगती है, कहां मिलती है, इसकी जानकारी भी आइवीआरआइ वैक्सीनेशन गाइड एप से मिल जाएगी। पशुपालकों की सारी समस्याओं के समाधान के लिए यह एप कारगर है।
डा.राजकुमार सिंह, निदेशक, आइवीआरआइ।