विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी के 20 और चौराहों पर लगेंगे सर्विलांस कैमरे, स्‍मार्ट स‍िटी के ल‍िए हाइटेक सुरक्षा पर जोर

By Vns Arun Mishra Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 05:00 PM (IST)

वाराणसी स्मार्ट सिटी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर ने 20 प्रमुख चौराहों पर अत्याधुनिक निगरानी कैमरे लगाने के लिए समझौता किया है। यह परियोजना फरवरी 2027 तक पूरी होगी, जिसका उद्देश्य यातायात व्यवस्था सुधारना और सड़क दुर्घटनाओं व अपराधों पर अंकुश लगाना है।

काशी में यातायात सुरक्षा को मिलेगा नया आयाम, 20 चौराहों पर लगेंगे हाईटेक कैमरे।

काशी में यातायात सुरक्षा को मिलेगा नया आयाम, 20 चौराहों पर लगेंगे हाईटेक कैमरे।

HighLights

  1. वाराणसी में 20 नए चौराहों पर लगेंगे अत्याधुनिक कैमरे।

  2. टोयोटा किर्लोस्कर मोटर 3.07 करोड़ रुपये खर्च करेगी।

  3. फरवरी 2027 तक परियोजना पूरी होगी, यातायात सुधरेगा।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने और आमजन की सुरक्षा को पुख्ता करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया गया है। वाराणसी स्मार्ट सिटी लिमिटेड और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर प्राइवेट लिमिटेड (टीकेएम) के बीच शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। सीएसआर (कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी) पहल के तहत होने वाले इस प्रोजेक्ट पर कंपनी की ओर से 3.07 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।

सिगरा स्थित त्रिनेत्र भवन में आयोजित समारोह में महापौर अशोक कुमार तिवारी, नगर आयुक्त व स्मार्ट सिटी के सीईओ शाश्वत त्रिपुरारी, स्मार्ट सिटी के मुख्य महाप्रबंधक अमरेंद्र तिवारी और टोयोटा किर्लोस्कर मोटर के ईवीपी विक्रम गुलाटी की उपस्थिति में एमओयू का आदान-प्रदान हुआ। इस परियोजना के तहत शहर के 20 और प्रमुख व अतिसंवेदनशील चौराहों पर अत्याधुनिक निगरानी कैमरे (सर्विलांस सिस्टम) लगाए जाएंगे।

स्मार्ट सिटी और पुलिस यातायात विभाग के सर्वेक्षण के मुताबिक, शहर की संकरी सड़कों और सालाना 7 से 9 करोड़ पर्यटकों के आगमन के कारण यातायात का भारी दबाव रहता है। वर्ष 2025 में शहर में करीब 3,000 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि प्रतिदिन यातायात उल्लंघन के लगभग 500 मामले सामने आते हैं। पूर्व में चिह्नित 98 संवेदनशील स्थलों में से 21 चौराहों पर पहले ही आईटीएमएस/एटीसीएस सिस्टम लगाए जा चुके हैं। अब पुलिस प्रशासन के सर्वे के अनुसार तथा उनके अनुरोध पर टोयोटा किर्लोस्कर शेष 20 सबसे महत्वपूर्ण स्थानों पर सुरक्षा तंत्र विकसित करेगी। कंपनी की टीम ने पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर इन सभी 20 चौराहों का स्थलीय निरीक्षण भी पूरा कर लिया है।

काशी कमांड सेंटर से जुड़ेंगे कैमरे, मिलेगा तत्काल अलर्ट

इन सभी 20 चौराहों पर लगने वाले कैमरों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क (ओएफएन) के माध्यम से काशी इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के ट्रैफिक कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। यहां पुलिस और सुरक्षाकर्मी 24 घंटे लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। किसी भी दुर्घटना, जाम या आपात स्थिति की पहचान होते ही कंट्रोल रूम से नजदीकी थाने को तत्काल अलर्ट भेजा जाएगा, जिससे पुलिस त्वरित कार्रवाई कर सकेगी और सड़क हादसों व अपराध पर प्रभावी अंकुश लगेगा।

फरवरी 2027 तक पूरा होगा प्रोजेक्ट, नियमों के पालन में सुधार का लक्ष्य

इस परियोजना के तहत उपकरणों की स्थापना और कमिशनिंग का कार्य इसी माह में शुरू होगा। वहीं दिसंबर में सिस्टम इंटीग्रेशन किया जाएगा ताकि फरवरी 2027 में प्रोजेक्ट का हैंडओवर पूरा कर लिया जाए। इस पहल से यातायात नियमों (हेलमेट, सिग्नल और लेन अनुशासन) के पालन में 20 से 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी और सिग्नल जंपिंग व ओवरस्पीडिंग जैसे मामलों में 20 से 30 प्रतिशत की कमी आने का अनुमान है। साथ ही, ऑटोमेटेड निगरानी से नियम तोड़ने वालों की पहचान में लगभग 50 प्रतिशत से अधिक का इजाफा होगा।

चालकों का प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जांच और सीएसआर सहयोग

इस पहल के दूसरे चरण में शहर के 300 ऑटो, टैक्सी और बस चालकों के लिए सड़क सुरक्षा प्रशिक्षण और सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किए जाएंगे। इस पूरी परियोजना से सालाना लगभग 3,000 से अधिक लोग सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम के दौरान टोयोटा के सीएसआर कार्यों की भी सराहना की गई।

इसके तहत कंपनी ने जिला अस्पताल व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों को आधुनिक चिकित्सा उपकरण उपलब्ध कराए हैं, जिससे 20 लाख से अधिक मरीजों को लाभ मिल रहा है। इसके अलावा पूर्व में वाराणसी के भदैनी, मलदहिया, रामनगर और टिकरी स्थित सरकारी बालिका विद्यालयों में स्वच्छता के तहत शौचालयों का निर्माण भी कराया गया है।

कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली से रूबरू हुए अधिकारी

इससे पहले नगर आयुक्त व टोयोटा के प्रतिनिधिमंडल ने त्रिनेत्र भवन स्थित कमांड सेंटर का अवलोकन किया। इस दौरान वाराणसी स्मार्ट सिटी के प्रबंधक (आईटी) राहुल तिवारी ने प्रतिनिधिमंडल को कमांड सेंटर की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्था से रूबरू कराया। उन्होंने बताया कि त्रिनेत्र भवन में कुल 2,700 कैमरे लगे हैं।

इनमें काशी कमांड सेंटर के अंतर्गत 108 एएनपीआर कैमरे और 2,169 सर्विलांस कैमरे शामिल हैं। इस केंद्र के माध्यम से शहर में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट की निगरानी की जाती है। समारोह में महाप्रबंधक (वित्त) संदीप तिवारी तथा टोयोटा किर्लोस्कर मोटर से महाप्रबंधक (सीएसआर) रोशन आर, महाप्रबंधक (एसबीयू) सुखदीप ढींगरा, राजेंद्र गोयनका और राहुल गोयनका आदि उपस्थित रहे।

एक नजर में काशी कमांड सेंटर की व्यवस्था

व्यवस्था / उपकरण संख्या / स्थिति मुख्य कार्य
एडवांस सर्विलांस सेंटर 459 कैमरे सघन निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था
एएनपीआर कैमरे 132 कैमरे ई-चालान की प्रक्रिया व वाहन पहचान
आरएलवीडी कैमरे 76 कैमरे रेड लाइट उल्लंघन की निगरानी
पब्लिक एड्रेस सिस्टम 55 स्थान जनसूचना व यातायात उद्घोषणा
पर्यावरण निगरानी उपकरण 15 स्थान पर्यावरणीय मानकों की मॉनिटरिंग
इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड 13 स्थान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।