वाराणसी स्थित कचहरी उपडाकघर में अधीक्षक को कमरे में बंद कर पीटा, केस दर्ज
वाराणसी के कचहरी उपडाकघर में निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डाकघर के साथ अभद्रता, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। डाक सहायक मनीष कुमार व अन्य के खिलाफ कैंट थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

वाराणसी कचहरी उपडाकघर में अधीक्षक पर हमला डाक सहायक पर केस दर्ज।
HighLights
कचहरी उपडाकघर में अधीक्षक के साथ मारपीट, अभद्रता हुई।
निरीक्षण के दौरान बाहरी व्यक्ति बुकिंग करते पकड़ा गया।
डाक सहायक मनीष कुमार व अन्य पर प्राथमिकी दर्ज।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। कचहरी उपडाकघर में निरीक्षण के दौरान अधीक्षक डाकघर वाराणसी पश्चिम मंडल के साथ अभद्रता, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। अधीक्षक ने कैंट थाने में तहरीर देकर डाक सहायक मनीष कुमार समेत अन्य लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
तहरीर के अनुसार, 17 नवंबर को निरीक्षण के दौरान डाकघर के काउंटर पर एक बाहरी व्यक्ति किशन कुमार विभागीय कर्मचारी की आइडी से सरकारी साफ्टवेयर पर बुकिंग का काम करते मिला। पूछताछ होते ही वह भाग निकला। आरोप है कि डाक सहायक मनीष कुमार करीब एक घंटे की देरी से पहुंचे और काउंटर पर काम करने से इनकार कर दिया।
अधीक्षक का आरोप है कि इसके बाद कुछ अधिवक्ताओं और बाहरी लोगों को बुलाकर जांच में बाधा डाली गई। उनके साथ गाली-गलौज की गई और मोबाइल से भ्रामक वीडियो बनाया गया। आरोप है कि बाद में मनीष कुमार ने उन्हें दूसरे कमरे में बंद कर धक्का-मुक्की और मारपीट की तथा डाकघर न आने देने की धमकी दी।