मिली सफलता : मुगलसराय मंडल ट्रेनों की समयबद्धता में भारतीय रेलवे में नंबर वन
पूर्व मध्य रेल हाजीपुर जोन के मुगलसराय मंडल ने यात्री ट्रेनों के समय पर परिचालन में पहली अगस्त को पूरे भारतीय रेल में प्रथम स्थान पाया है।
चंदौली, जेएनएन। पूर्व मध्य रेल, हाजीपुर जोन के मुगलसराय मंडल ने यात्री ट्रेनों के समय पर परिचालन में पहली अगस्त को पूरे भारतीय रेल में प्रथम स्थान पाया है। मंडल के लिए यह बड़ी कामयाबी है। गुरुवार को मंडल में सवारी गाड़ी, मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की संयुक्त समयबद्धता 90.71 फीसद रही। जिसमें सवारी गाड़ी की समयबद्धता 85.26 फीसद और मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों की समयबद्धता 94.66 प्रतिशत दर्ज किया गया। इस उपलब्धि से भारतीय रेलवे में मुगलसराय मंडल ने ट्रेनों की पंक्चुअलिटी में पहला स्थान प्राप्त किया है।
मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित प्रेसवार्ता में डीआरएम पंकज सक्सेना ने बताया कि एक अगस्त मुगलसराय मंडल के लिए गौरव का दिन रहा। सीनियर डीओएम राकेश कुमार रौशन व स्टेशन डायरेक्टर हिमांशु शुक्ला की मेहनत रंग लाई। पूरे भारतीय रेल में मुगलसराय मंडल ट्रेनों की पंक्चुअलिटी में 94.66 फीसद रहा। डीआरएम इसका श्रेय कर्मचारियों को भी दिए। इतना ही रफ्तार में रोड़ा बनने यानी चेन पुङ्क्षलग करने वालों को हवालात की सैर भी सैर भी करनी पड़ी। मंडल ट्रैकों के नवीनीकरण, पुल पुलियों की मजबूती, मानव रहित लेवल क्रासिंग गेट की जगह रोड ओवर ब्रिज आदि बनाकर ट्रेन परिचालन को और ज्यादा गतिमान तथा सुरक्षित बनाने के लिए प्रयासरत है।
मुगलसराय मंडल के जनवरी के आंकड़ों को देखा जाए तो मेल, एक्सप्रेस ट्रेनों का समय पालन लगभग 67.64 प्रतिशत था। वहीं एक अगस्त को 94.66 प्रतिशत रहा। इसी तरह जनवरी में डेमू, मेमू व सवारी गाड़यिों का समय पालन जहां 48.67 प्रतिशत था वहीं एक अगस्त को 85.26 प्रतिशत रहा। इस उपलब्धि से एक अगस्त को मुगलसराय मंडल ने ओवर आल समय पालन 90.71 प्रतिशत दर्ज कर भारतीय रेल के 17 जोन और 68 मंडल में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस उपलब्धि में वरीय मंडल परिचालन प्रबंधक राकेश कुमार रौशन व स्टेशन डायरेक्टर हिमांशु शुक्ला की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सात ट्रेनें रहीं विलंबित
पीडीडीयू जंक्शन से रोजाना 125 पैसेंजर ट्रेनों का परिचालन होता है। इसके अलावा मेल व एक्सप्रेस ट्रेनें भी गुजरती हैं। शुक्रवार को जंक्शन से गुजरने वाली सात ट्रेनें विलंब से चलीं। इसमें दो ट्रेन इलाहाबाद मंडल, दो दानापुर मंडल और तीन मुगलसराय मंडल की ट्रेनें रहीं।
मंडल में बनेगा हेरिटेज एवं पार्क
ट्रेनों की पंक्चुअलिटी में अपना परचम लहरा रहा मुगलसराय मंडल यात्रियों को एक और सौगात देने जा रहा है। मंडल में एक बड़ा हेरिटेज व म्यूजियम पार्क बनवाया जाएगा। डीआरएम ने बताया कि वर्षों पुरानी एक बिल्डिंग में पार्क बनाए जाएंगे। पार्क में लोगों के लिए हर तरह की सुविधाएं दी जाएंगी।
सासाराम, भभुआ और औरंगाबाद में फहरेगा तिरंगा
मुगलसराय मंडल के पीडीडीयू जंक्शन परिसर में पिछले दिनों तिरंगा लगाया गया था। अब रेलवे के सासाराम, भभुआ व औरंगाबाद स्टेशन पर भी झंडा लगाए जाने की योजना है। शीघ्र ही इस दिशा में कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
मंडल में बनाए गए नौ फुट ओवर ब्रिज
यात्रियों की सुविधा के लिए मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर अभी तक नौ फुट ओवर ब्रिज बनाए गए हैं। ब्रिज के बनने से यात्रियों को आवागमन करने में सहूलियत हो रही है। वहीं छह फुट ओवर ब्रिज का प्रस्ताव बनाया गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप