बीएचयू में चार साल बायोलाजी पढ़ाई, अब डिग्री के लिए बता रहे मैथ पढ़ना था
बीएचयू में चार साल तक बायोलाजी की पढ़ाई करने वाले एक छात्र की डिग्री रोक दी गई है, क्योंकि उसे बताया गया कि उसे गणित विषय पढ़ना था। इस त्रुटि के विरोध में छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और डिग्री जारी करने की मांग की।

बीएचयू का हाल, क्षुब्ध छात्रों ने किया केंद्रीय कार्यालय पर प्रदर्शन।
HighLights
छात्र ने बीएचयू में चार साल बायोलाजी की पढ़ाई की।
अब विश्वविद्यालय ने डिग्री देने से इनकार कर दिया है।
छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। बीएचयू में चार साल तक बायोलाजी की पढ़ाई, परीक्षा और परिणाम जारी होने के बाद अब एक छात्र की डिग्री रोकने का मामला सामने आया है। इसके विरोध में बुधवार को छात्रों ने केंद्रीय कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। मौके पर पहुंचे प्राक्टोरियल बोर्ड के अधिकारियों से उनकी तीखी बहस हुई।
प्रदर्शनकारी छात्र निर्मित (सत्र 2022-26) ने बताया कि उसने चार साल तक बायोलाजी की पढ़ाई की। विश्वविद्यालय ने प्रत्येक वर्ष परीक्षा कराई, परिणाम जारी किया और अगले वर्ष में प्रमोट भी किया। अब प्रोविजनल डिग्री सर्टिफिकेट (पीडीसी), मार्कशीट और ट्रांसक्रिप्ट लेने पहुंचा तो बताया गया कि उसे बायोलाजी की जगह मैथ विषय पढ़ना था। इस कारण डिग्री जारी नहीं की जा सकती।
छात्र का सवाल है कि विषय चयन में गलती थी तो विश्वविद्यालय ने पहले ही वर्ष आपत्ति क्यों नहीं की। चार साल बाद डिग्री रोकने से दूसरे संस्थान में उसका दाखिला भी अटक गया है। छात्रों ने शैक्षणिक रिकार्ड की जांच कर त्रुटि सुधारने और डिग्री जारी करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि समाधान नहीं हुआ तो उच्च अधिकारियों से शिकायत के साथ न्यायालय की शरण लेंगे।