काशी-तमिल संगमम 5.0 के आयोजन में भागीदार बनेंगे बीएचयू और आइआइटी के विद्यार्थी
काशी-तमिल संगमम 5.0 में बीएचयू और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी स्वयंसेवक के रूप में सक्रिय भागीदारी करेंगे। यह आयोजन काशी ...और पढ़ें

काशी-तमिल संगमम 5.0 में बीएचयू और आइआइटी के छात्र बनेंगे भागीदार।
HighLights
बीएचयू, आइआइटी बीएचयू छात्र स्वयंसेवक के रूप में जुड़ेंगे।
काशी-तमिल संगमम 5.0 में सक्रिय भागीदारी निभाएंगे विद्यार्थी।
सांस्कृतिक आदान-प्रदान, राष्ट्रीय एकता को मजबूत करेगा आयोजन।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी और तमिलनाडु के सदियों पुराने सांस्कृतिक, साहित्यिक, आध्यात्मिक और शैक्षणिक संबंधों को नई पीढ़ी से जोड़ने के लिए आयोजित होने वाले काशी-तमिल संगमम (केटीएस) 5.0 में बीएचयू और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी भी सक्रिय भागीदारी करेंगे।
इसके लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से स्वयंसेवक के रूप में पंजीकरण कराने का आह्वान किया है। इसके लिए छात्र केटीएस के आधिकारिक वेबसाइट पर आवेदन कर सकते हैं। उन्हें इस आयोजन में प्रतिभागी होने का प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा।
संगमम के मुख्य आयोजन से पहले विभिन्न प्री-इवेंट गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिताएं, अकादमिक और साहित्यिक आयोजन सहित कई गतिविधियां शामिल होंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से संवाद और सहभागिता का अवसर मिलेगा। प्री-इवेंट गतिविधियों और अन्य जानकारियों के लिए भी वेबसाइट पर अलग लिंक उपलब्ध कराया गया है।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, बीएचयू के विभिन्न संकायों, संबद्ध महाविद्यालयों और आइआइटी बीएचयू के विद्यार्थी इन आयोजनों के संचालन में स्वयंसेवक के रूप में योगदान दे सकते हैं। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को सांस्कृतिक आदान-प्रदान की प्रक्रिया से जोड़ने के साथ राष्ट्रीय एकता और 'एक भारत श्रेष्ठ भारत' की भावना को मजबूत करना है।