विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में डंपर की चपेट में आने से छात्रा की मौत, तीन घंटे तक शव रखकर चक्काजाम, चालक को पीटा

By Rajesh ChaubeEdited By: Abhishek sharma
Published: Tue, 01 Sep 2026 02:48 PM (IST)

वाराणसी में डंपर की चपेट में आने से 15 वर्षीय छात्रा रोशनी की मौत हो गई, जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने ...और पढ़ें

HighLights

  1. 15 वर्षीय छात्रा रोशनी की डंपर की चपेट में आने से मौत।

  2. आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर चालक की पिटाई कर पुलिस को सौंपा।

  3. परिजनों ने शव रखकर बलुआ-गौरा कला मार्ग पर चक्काजाम किया।

जागरण संवाददाता, (चिरईगांव/चौबेपुर) वाराणसी। थाना क्षेत्र के बर्थरा कला (टड़िया) गांव निवासी राजेश कुमार की 15 वर्षीय पुत्री रोशनी की मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा सरैया विशुनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने हुआ। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने डंपर को रोककर चालक की पिटाई कर दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

बाद में परिजनों ने शव सड़क पर रखकर करीब तीन घंटे तक चक्का जाम कर प्रदर्शन किया। एसीपी सारनाथ के समझाने और कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद जाम समाप्त हुआ। जानकारी के अनुसार रोशनी श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज में कक्षा नौ की छात्रा थी।

मंगलवार सुबह करीब सात बजे वह घर से विद्यालय जाने के लिए निकली थी। सरैया विशुनपुरा में पूर्व प्रधान पप्पू मिश्रा के घर के सामने पहुंचते ही वह डंपर की चपेट में आ गई। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

यह भी पढ़ें हरी मटर ने वाराणसी की पहड़‍िया मंडी में दे दी दस्‍तक, 200 से 250 रुपये प्रत‍ि किलो तक है बाजार भाव

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और डंपर को रोक लिया। आक्रोशित ग्रामीणों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस को सौंप दिया। उधर, छात्रा की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर जाल्हूपुर बाजार पहुंचे और बलुआ-गौरा कला मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया।

परिजनों का आरोप था कि घटना की सूचना के बाद विद्यालय से जुड़ा कोई स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचा। इससे नाराज परिजन शव लेकर श्री कच्चा बाबा इंटर कॉलेज के सामने पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब तीन घंटे तक चले चक्का जाम के कारण जाल्हूपुर बाजार में बलुआ-गौरा कला रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई।

सूचना पर चौबेपुर थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालने में जुट गए। बाद में एसीपी सारनाथ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझाया। उनके आश्वासन के बाद करीब तीन घंटे बाद परिजनों ने जाम समाप्त किया।

थाना प्रभारी अनिल कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के बाद चालक को डंपर समेत गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका चार बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। छात्रा की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

यह भी पढ़ें वाराणसी में चेतावनी ब‍िंदु पार कर गंगा खतरा ब‍िंदु की ओर अग्रसर, आधा सेंटीमीटर प्रत‍ि‍घंटे बढ़ रहा जलस्‍तर