विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

महानगर कांग्रेस कमेटी की बैठक में बनी रणनीत‍ि, 28 नवंबर से धूपचंडी वार्ड से शुरू होगी ‘काशी न्याय यात्रा’

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 27 Nov 2026 02:57 PM (IST)

महानगर कांग्रेस कमेटी ने 28 नवंबर से धूपचंडी वार्ड से 'काशी न्याय यात्रा' शुरू करने का निर्णय लिया है। यह यात्रा वाराणसी के 100 वार्डों में बुनियादी समस्याओं, वोट चोरी और धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे में पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर जनसंवाद करेगी।

वाराणसी में कांग्रेस की 'काशी न्याय यात्रा' 28 नवंबर से शुरू होगी शहर की समस्याओं पर जनसंवाद।

वाराणसी में कांग्रेस की 'काशी न्याय यात्रा' 28 नवंबर से शुरू होगी शहर की समस्याओं पर जनसंवाद।

HighLights

  1. काशी न्याय यात्रा 28 नवंबर से धूपचंडी वार्ड से शुरू होगी।

  2. यात्रा वाराणसी के सभी 100 वार्डों में जनसंवाद करेगी।

  3. बुनियादी समस्याओं, वोट चोरी, चढ़ावे की पारदर्शिता मुख्य मुद्दे।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। महानगर कांग्रेस कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक महानगर स्थित पार्टी कार्यालय में संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने की। इसमें शहर की बुनियादी समस्याओं, लोकतांत्रिक व्यवस्था, वोट चोरी के आरोपों, धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता और काशी के समग्र विकास से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि प्रस्तावित ‘काशी न्याय यात्रा’ का शुभारंभ 28 नवंबर को धूपचंडी वार्ड से मां धूमावती देवी के दर्शन-पूजन के साथ किया जाएगा।

सभी 100 वार्डों में जनसंवाद करेगी कांग्रेस

बैठक में तय किया गया कि काशी न्याय यात्रा के माध्यम से कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता वाराणसी के सभी 100 वार्डों में पदयात्रा करेंगे। इस दौरान नेता और कार्यकर्ता घर-घर जाकर आम नागरिकों से संवाद करेंगे तथा पेयजल, सीवर, जलनिकासी, सड़क और सफाई जैसी रोजमर्रा की समस्याओं को जानकर उन्हें प्रमुखता से उठाएंगे।

पार्टी के अनुसार इस अभियान में वरिष्ठ नेताओं, फ्रंटल संगठनों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं, महानगर व जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों, पार्षदों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व व चुनाव लड़ चुके प्रत्याशियों तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की व्यापक सहभागिता रहेगी। महानगर कमेटी ने सभी कांग्रेसजनों से इस जनअभियान को सफल बनाने के लिए सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।

‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ प्रमुख मुद्दे

काशी न्याय यात्रा के प्रमुख मुद्दों में ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ और ‘चढ़ावा चोर गद्दी छोड़’ शामिल रहेंगे। बैठक में जानकारी दी गई कि चढ़ावा चोरी के आरोपों और राम मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था को लेकर पारदर्शिता व निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर आंदोलन के दूसरे चरण की भी शुरुआत की जा रही है। इसके तहत प्रत्येक शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद पदयात्रा निकाली जाएगी, ताकि इस विषय पर जनता के बीच जागरूकता बढ़ाई जा सके और जवाबदेही की मांग को मजबूती दी जा सके।

राघवेंद्र चौबे ने साधा नगर निगम व सरकार पर निशाना

बैठक को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे ने कहा कि काशी न्याय यात्रा केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि बनारस की मूलभूत समस्याओं और नागरिकों के अधिकारों को लेकर जनसंवाद का अभियान है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1989 के बाद से नगर निगम में लगातार भारतीय जनता पार्टी का शासन रहा है और शहर के प्रतिनिधित्व में भी सांसद, विधायक, मंत्री व एमएलसी जैसे पदों पर भाजपा के जनप्रतिनिधि रहे हैं। इसके बावजूद शहर के नागरिक पेयजल, सीवर, जलनिकासी, सड़क और सफाई जैसी बुनियादी सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रहे हैं।

राघवेंद्र चौबे ने कहा कि एक ओर बनारस को स्मार्ट सिटी बनाने के दावे किए जाते हैं, जबकि दूसरी ओर 50 प्रतिशत से अधिक इलाकों में लोगों को समुचित पेयजल तक नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि शहर के कई मोहल्ले आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं और डबल इंजन सरकार ने काशी को प्रयोगशाला बनाकर रख दिया है, जबकि स्थायी समाधान की दिशा में अपेक्षित कार्य नहीं दिख रहा है।

जवाबदेही तय करने का संकल्प

अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेसजन हर वार्ड और मोहल्ले में जाकर जनता की समस्याएं सुनेंगे तथा नगर निगम से लेकर प्रदेश और केंद्र सरकार तक जवाबदेही तय करने की मांग करेंगे। वोट चोरी के आरोपों, लोकतांत्रिक अधिकारों, राम मंदिर में चढ़ावे की व्यवस्था में पारदर्शिता और बदहाल बुनियादी सुविधाओं के मुद्दों को जनता के बीच ले जाया जाएगा। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने यात्रा को सफल बनाने और सभी 100 वार्डों में संगठनात्मक स्तर पर व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने का संकल्प लिया।

बैठक में महानगर अध्यक्ष राघवेंद्र चौबे के अलावा डॉ. राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, प्रवीण प्रकाश, मयंक चौबे, संतोष चौरसिया, वसीम अंसारी, अब्दुल हमीद डोडे, प्रमोद वर्मा, पीयूष श्रीवास्तव, नरसिंह दास, मनोज वर्मा मनू, लालजी यादव, मनोज यादव, आशीष केशरी, पुलक त्रिपाठी, दीप विश्वकर्मा, अनिल केशरी, बदरे आलम, अनिल पटेल, दीपक यादव, विशाल तिवारी, अरविंद सेठ, गोपाल चौबे, रामजी गुप्ता और पीयूष पाठक सहित अन्य कांग्रेसजन उपस्थित रहे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।