विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिव की नगरी में विष्णु का वैभव, घाटों में बसती है वैष्णव काशी

By Shailesh Asthana Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 06:47 PM (GMT+05:30)

काशी, जो भगवान शिव की नगरी है, में भगवान विष्णु की उपासना की प्राचीन और व्यापक परंपरा भी मौजूद है। ...और पढ़ें

शिव की नगरी काशी में विष्णु का प्राचीन वैभव और वैष्णव परंपरा।

शिव की नगरी काशी में विष्णु का प्राचीन वैभव और वैष्णव परंपरा।

HighLights

  1. काशी में शिव के साथ विष्णु उपासना की प्राचीन परंपरा।

  2. पंचगंगा से आदि केशव तक घाटों पर वैष्णव चेतना।

  3. रामानंद की साधना भूमि रहा पंचगंगा घाट का महत्व।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। काशी को भगवान शिव की नगरी कहा जाता है, लेकिन इसकी आध्यात्मिक चेतना में भगवान विष्णु की उपस्थिति और उपासना की परंपरा भी उतनी ही प्राचीन और व्यापक है। पंचगंगा से आदि केशव तक गंगा तट के घाटों पर फैली वैष्णव परंपरा मंदिरों, मूर्तियों और संतों की साधना में आज भी जीवंत है।

कार्तिक शुक्ल एकादशी को भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के पर्व देवोत्थान एकादशी पर काशी की इस विशिष्ट धार्मिक विरासत का स्मरण विशेष महत्व रखता है। शैव नगरी में वैष्णव उपासना की इसी प्राचीन धारा को रेखांकित कर रहे हैं ख्यात पुरातत्वविद प्रो. मारुति नंदन तिवारी...

पुराणों में शिव और विष्णु को एक ही परम तत्व के दो स्वरूप माना गया है। इसी भाव की अभिव्यक्ति हरिहर स्वरूप की प्रतिमाओं में भी दिखाई देती है। काशी में शिवोपासना की व्यापकता के बीच विष्णु आराधना का विस्तार इसी समन्वयकारी धार्मिक चेतना का परिचायक है। काशी में पंचगंगा घाट से आदि केशव घाट तक की घाट श्रृंखला को विष्णु काशी के रूप में देखा जाता है। इस प्रकार गंगा तट का एक बड़ा हिस्सा वैष्णव उपासना की प्राचीन स्मृतियों को अपने भीतर समेटे हुए है। यह क्षेत्र वैष्णव उपासना की प्राचीन परंपरा और सांस्कृतिक समन्वय का महत्वपूर्ण प्रमाण है।

12वीं शताब्दी से आदि केशव की परंपरा
काशी में विष्णु मंदिरों में आदि केशव का विशेष स्थान है। वरुणा और गंगा के संगम पर स्थित इस मंदिर और घाट का निर्माण 12वीं शताब्दी में गहड़वाल शासकों ने कराया था। इसका अभिलेखीय प्रमाण उपलब्ध है। अन्य प्रमुख वैष्णव मंदिरों में भोंसला घाट का लक्ष्मीनारायण, संकुलधारा का द्वारिकाधीश, पंचगंगा घाट का बिंदु माधव तथा मानसरोवर और असि के राम व लक्ष्मीनारायण मंदिर वैष्णव परंपरा के प्रमुख केंद्र हैं। इनमें अधिकांश का वर्तमान स्वरूप 17वीं से 19वीं शताब्दी के बीच विकसित हुआ।

बिंदु माधव से पंचनद तीर्थ तक
वैष्णव काशी की आध्यात्मिक यात्रा में पंचगंगा घाट का महत्व अत्यंत विशिष्ट है। पंचगंगा घाट का प्राचीन नाम बिंदु माधव घाट था। यहां भगवान विष्णु का विशाल मंदिर था, जिसे 17वीं शताब्दी में औरंगजेब के शासनकाल में ध्वस्त कर उसके स्थान पर मस्जिद बनवाई गई। इसे आज धरहरा अथवा आलमगीर मस्जिद के नाम से जाना जाता है। वर्तमान में यहां छोटे मंदिर में बिंदु माधव की उपासना होती है।
धार्मिक मान्यता के अनुसार यहां गंगा, यमुना और सरस्वती के साथ किरणा तथा धूतपापा नदियों का संगम होता है। इसी कारण इसे पंचनद तीर्थ कहा गया। मत्स्य पुराण, स्कंद पुराण के काशीखंड और काशी रहस्य में इसका उल्लेख मिलता है। घाट पर पांचों नदियों की मूर्तियां भी इस विशिष्ट धार्मिक अवधारणा को कलात्मक रूप प्रदान करती हैं।

रामानंद की साधना भूमि
14वीं-15वीं शताब्दी में पंचगंगा घाट वैष्णव संत रामानंद की साधना का प्रमुख केंद्र था। मान्यता है कि कबीर ने यहीं उनका शिष्यत्व ग्रहण किया। रामानंद ने राम, लक्ष्मण और सीता की उपासना को व्यापक सामाजिक चेतना से जोड़ा। उनकी शिष्य परंपरा में कबीर, रैदास, पीपा और धन्ना जैसे संतों का उल्लेख मिलता है। यहां स्थित श्रीमठ, वल्लभाचार्य की बैठक और अन्य वैष्णव मठ भक्ति की विविध धाराओं की साक्षी हैं।

मूर्तियों में विष्णु के 24 स्वरूप
काशी की वैष्णव मूर्तिकला भी अत्यंत समृद्ध है। यहां चतुर्भुज विष्णु, शेषशायी विष्णु, लक्ष्मीनारायण, वराह और नरसिंह के विविध स्वरूप मिलते हैं। इनमें संकुलधारा के द्वारिकाधीश मंदिर में सुरक्षित चतुर्विंशति केशव पट्ट विशिष्ट है। इसमें शंख, चक्र, गदा और पद्म के अलग-अलग संयोजनों से भगवान विष्णु के 24 स्वरूपों का अंकन किया गया है। केशव, माधव, गोविंद, दामोदर, जनार्दन, नारायण और मधुसूदन जैसे स्वरूपों को प्रदर्शित करने वाला यह पट्ट 15वीं शताब्दी के ग्रंथ 'रूपमंडन' पर आधारित है।

इस प्रकार काशी में विष्णु उपासना मंदिरों और प्रतिमाओं से आगे बढ़कर घाटों, मठों और संत परंपरा में भी प्रवाहित होती रही है। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के जागरण के साथ यह विरासत काशी की उस समन्वयकारी सनातन चेतना का स्मरण कराती है, जिसमें शिव और विष्णु दो नहीं, बल्कि एक ही परम तत्व के अभिन्न स्वरूप हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।