विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी में लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की छटा, ''नहाय-खाय'' से शुरू हुआ महाअनुष्ठान

By Saurabh Agrawal Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 13 Nov 2026 01:12 PM (IST)

वाराणसी में लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 'नहाय-खाय' के साथ शुरू हो गया है। व्रती संतान के कल्याण और ...और पढ़ें

वाराणसी में छठ पूजा का महाअनुष्ठान नहाय-खाय से हुआ प्रारंभ।

वाराणसी में छठ पूजा का महाअनुष्ठान नहाय-खाय से हुआ प्रारंभ।

HighLights

  1. छठ पूजा 'नहाय-खाय' परंपरा के साथ वाराणसी में शुरू हुई।

  2. व्रती संतान की दीर्घायु के लिए कठोर निर्जल व्रत रखेंगे।

  3. गंगा घाटों पर वेदियां बन रही हैं, साज-सज्जा जारी है।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व 'डाला छठ' का उल्लास चरम पर है। सृष्टि के ऊर्जा स्रोत भगवान सूर्य और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी षष्ठी की उपासना का पावन पर्व कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि, शुक्रवार को 'नहाय-खाय' की परंपरा के साथ शुरू हो गया।

इस महापर्व को लेकर घर-घर में भक्ति, अनुशासन और उत्साह का अनूठा वातावरण दिख रहा है। संतान प्राप्ति, संतान के कल्याण और उनकी दीर्घायु की कामना के साथ रखे जाने वाले इस कठिन व्रत को लेकर आस्थावान जोर-शोर से तैयारियों में जुटे है।

पर्व के पहले दिन यानी नहाय-खाय पर व्रती और परिवार के सदस्य घर की साफ-सफाई कर निकटतम नदी या सरोवर में जाकर पवित्र स्नान करेंगे। इसके बाद पूरी शुद्धता के साथ छठ पूजन के लिए प्रसाद तैयार किया जाएगा, जिसमें ठेकुआ, मीठी पूड़ी, पकौड़ी, खाजा और अनरस प्रमुख रूप से शामिल होंगे।

नहाय-खाय की शाम को व्रती बिना लहसुन-प्याज के बनी लौकी की सब्जी, चावल, चने की दाल, घी, सेंधा नमक, हरी धनिया, मिर्च और रोटी का सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। इसके बाद व्रती भूमि पर शयन करेंगे। अगले दिन यानी शनिवार को ''''खरना'''' के साथ ही 36 घंटे के निर्जल व्रत का कठोर संकल्प शुरू हो जाएगा।

बनाई जा रही वेदियां, सज रहे घाट, कुंड
सूर्योपासना के लिए गंगा घाटों, कुंडों, सरोवरों पर स्थान चिह्नित कर मिट्टी की वेदियां बनाई जा रही है। आस्थावान वेदी बनाकर उसके रंग- रोगन में भी जुटे रहे। पूजा समितियों की ओर से भी बांस-बल्लियां लगाकर आकर्षक लाइटों और झालरों से साज- सज्जा की जा रही है।

जगह छेकने में भी दिखा रहे रसूख 
भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए गंगा व वरुणा तटों पर स्थान छेकने में रसूख का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। अपना स्थान चिह्नित कर कई लोगों ने अपना प्रभाव दिखाने के लिए पेंट से जिला जज, डीएम आफिस, यूपी पुलिस, पुलिस लाइन लिख दिया है।

कल खरना से शुरु होगा व्रत

खरना/लोहंडा (पंचमी) 14 नवंबर : दूसरे दिन व्रती पूरे दिन निर्जल उपवास रखते हैं और संध्याकाल में भगवान सूर्य की पूजा के बाद स्वयं से बनाया हुआ गुड़ और चावल से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण करते हैं।

षष्ठी अर्घ्य (षष्ठी) 15 नवंबर : यह मुख्य व्रत है। इस दिन पूरे दिन उपवास रखकर बांस की टोकरी में ठेकुआ, मौसमी फल, कंदमूल और पूजन सामग्री सजाई जाती है। संध्या बेला में नदी या तालाब के घाट पर जाकर जल में खड़े होकर अस्तमान सूर्य की किरणों से सुसज्जित भगवान भास्कर को प्रथम अर्घ्य दिया जाता है।

उषा अर्घ्य (सप्तमी) 16 नवंबर : सप्तमी को प्रातः काल उगते हुए सूर्य को दूसरा अर्घ्य दिया जाता है। इसके बाद पारण से व्रत का समापन होगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।