वाराणसी एयरपोर्ट पर लगातार रद हो रही स्पाइसजेट की उड़ानें, फंसे यात्रियों के पैसे ताे कर्मचारियों का छलका दर्द
वाराणसी एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की उड़ानें लगातार रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी हो रही है। रिफंड न मिलने और कर्मचारियों द्वारा बुकिंग न करने की सलाह देने से एयरलाइन की आर्थिक बदहाली उजागर हुई है, जिससे यात्री DGCA से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।

वाराणसी में स्पाइसजेट की उड़ानें रद्द यात्रियों के पैसे फंसे कर्मचारियों का दर्द।
HighLights
स्पाइसजेट की वाराणसी उड़ानें लगातार रद्द, यात्री परेशान।
रिफंड के बजाय री-शेड्यूलिंग से यात्रियों के पैसे फंसे।
कर्मचारी कम किराए के लालच में टिकट न लेने की सलाह दे रहे।
जागरण संवाददाता, (बाबतपुर) वाराणसी। आर्थिक संकट से जूझ रही निजी विमानन कंपनी स्पाइसजेट की बदहाल सेवाओं ने अब हवाई यात्रियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से स्पाइसजेट की उड़ानों के लगातार निरस्त होने से यात्रियों को भारी फजीहत का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि एक तरफ जहां यात्रियों के लाखों रुपये रिफंड के नाम पर फंस गए हैं, वहीं एयरपोर्ट पर तैनात कंपनी के कर्मचारी भी अब दबी जुबान में यात्रियों को इस एयरलाइंस से टिकट न बुक करने की सलाह दे रहे हैं।
शुरू होने से पहले ही थम गई मुंबई की उड़ान
एयरलाइंस की लापरवाही का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वाराणसी से मुंबई के लिए जिस फ्लाइट का संचालन अभी तक शुरू ही नहीं हुआ, उसके लिए भी धड़ल्ले से टिकटों की बुकिंग की जा रही है। इसके बाद ऐन वक्त पर विमान निरस्त होने का संदेश भेजकर यात्रियों को अधर में छोड़ा जा रहा है।
रिफंड के बजाय 'अगली तारीख' का छलावा
विमान निरस्त होने के बाद जब यात्री अपने टिकट के पैसे वापस मांगते हैं, तो एयरलाइंस की ओर से उन्हें सीधे रिफंड नहीं दिया जा रहा है। इसके बजाय यात्रियों को अगली किसी तारीख में टिकट री-शेड्यूल करने का विकल्प थमा दिया जाता है। विडंबना यह है कि यात्री मजबूरी में अगले दिन का टिकट बुक भी कर लें, तो अगले दिन फिर से तकनीकी या परिचालन कारणों का हवाला देकर वह विमान भी निरस्त कर दिया जाता है। इससे यात्रियों का पैसा तो फंस ही रहा है, साथ ही उनके जरूरी काम और यात्रा की पूरी योजना भी चौपट हो रही है।
छह महीने बाद लौटी थी सेवा, फिर लगा ग्रहण
गौरतलब है कि करोड़ों रुपये के कर्ज में डूबी स्पाइसजेट ने वाराणसी एयरपोर्ट से करीब छह महीने तक अपना संचालन पूरी तरह बंद रखा था। लगभग एक महीने पहले ही कंपनी ने बड़े जोर-शोर के साथ वाराणसी से दिल्ली और पुणे के लिए अपनी विमान सेवाएं दोबारा शुरू की थीं। लेकिन महज कुछ ही दिनों के भीतर विमानों की भारी कमी के चलते ये उड़ानें भी लगातार रद्द होने लगी हैं।
कर्मचारियों का छलका दर्द: 'कम किराये के लालच में न फंसें यात्री'
फ्लाइट रद्द होने के बाद एयरपोर्ट टर्मिनल पर रोजाना यात्रियों और ग्राउंड स्टाफ के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिल रही है। हालात से तंग आ चुके वाराणसी एयरपोर्ट पर तैनात स्पाइसजेट के कर्मचारियों का भी दर्द अब छलकने लगा है। नाम न छापने की शर्त पर कर्मचारियों ने दबी जुबान में स्वीकार किया कि "लोगों को फिलहाल स्पाइसजेट में टिकट बुक नहीं करनी चाहिए। यात्री कम किराये (फेयर) के चक्कर में टिकट बुक कर लेते हैं और जब विमान निरस्त होता है, तो एयरपोर्ट पर यात्रियों का गुस्सा और गालियां हमें सुननी पड़ती हैं।"
एयरपोर्ट अथॉरिटी का भी करोड़ों का बकाया
आर्थिक तंगी से जूझ रही इस एयरलाइंस पर केवल यात्रियों का ही पैसा नहीं फंसा है, बल्कि भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) का भी भारी-भरकम बकाया चढ़ा हुआ है। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, वाराणसी एयरपोर्ट प्रशासन का स्पाइसजेट पर काफी कर्ज बकाया है। इसमें एयरपोर्ट परिसर में आवंटित ऑफिस के किराये से लेकर विमानों की लैंडिंग, टेक-ऑफ और पार्किंग शुल्क तक की बड़ी रकम शामिल है, जिसका भुगतान लंबे समय से लंबित है।
लगातार बिगड़ती स्थिति और प्रशासनिक उदासीनता के बीच अब यात्री नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) से इस मामले में हस्तक्षेप करने और अपने फंसे हुए पैसे वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं।स्पाइस जेट के स्थानीय प्रबंधक राजेश सिंह ने बताया कि विमानन कंपनी के संचालन संबंधी आदेश मुख्यालय से जारी होता है इसमें स्थानीय स्तर पर हम लोगों का कोई हस्तक्षेप नहीं होता है ।वाराणसी मुंबई के बीच विमान का संचालन शुरू नहीं हुआ और बुकिंग जारी है जिसके कारण आए दिन यात्री रिफंड के लिए परेशान होते हैं ।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।