पूर्वांचल में कोहरे में रोडवेज बसों की गति सीमा तय, दृश्यता कम होने पर संचालन रोकने के निर्देश
कोहरे के मौसम को देखते हुए रोडवेज ने बसों के सुरक्षित संचालन के लिए गति सीमा निर्धारित की है। दृश्यता कम होने पर बसों का संचालन रोकने और सुरक्षा उपकरणों की जांच के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

पूर्वांचल में कोहरे के कारण रोडवेज बसों की गति सीमा तय, सुरक्षा पर जोर।
HighLights
कोहरे में बसों के लिए गति सीमा निर्धारित की गई।
खराब दृश्यता में बस संचालन रोकने के निर्देश।
चालकों को सुरक्षित ड्राइविंग के सख्त नियम बताए गए।
जागरण संवाददाता,वाराणसी। कोहरे के मौसम को देखते हुए रोडवेज ने बसों के सुरक्षित संचालन के लिए गति सीमा निर्धारित कर दी है। साथ ही लाइट, दृश्यता और सुरक्षा उपकरणों की जांच के भी सख्त निर्देश दिए गए हैं, ताकि धुंध में हादसों को रोका जा सके। इधर, शेष बसों में ‘ल वेदर बल्ब’ लगाने की कवायद तेज हो गई है।
जबकि अन्य जगहों पर हेडलाइट, बैकलाइट, इंडिकेटर, रिफ्लेक्टिव टेप और फॉग लाइट की जांच की जा रही है। खराब लाइट वाली बसों को सड़क पर उतारने से मना किया गया है। अत्यधिक कोहरे में दृश्यता बेहद कम होने पर बसों का संचालन रोकने के निर्देश हैं। चालकों को ऐसी स्थिति में अपनी लेन के नजदीकी बस स्टेशन, यात्री प्लाजा, पेट्रोल पंप या थाने पर बस खड़ी करने को कहा गया है।
मुख्य सड़क पर बस खड़ी करने से मना किया गया है। यदि बस खड़ी करनी पड़े तो पार्किंग लाइट चालू रखना अनिवार्य होगा। चालकों के लिए लो-बीम लाइट के इस्तेमाल, अपनी ही लेन में चलने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने और गलत दिशा में वाहन न चलाने के नियम सख्ती से लागू किए गए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक परशुराम पांडेय ने बताया कि कोहरे के मद्देनजर तैयारी पूरी है। यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और लापरवाही पर कार्रवाई होगी।