विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

वाराणसी में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने और त्रुटियों में सुधार के लिए 28 व 29 नवंबर को विशेष अभियान

By Digital Desk Edited By: Abhishek sharma
Published: Thu, 26 Nov 2026 05:50 PM (GMT+05:30)

वाराणसी में 28 और 29 नवंबर को मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान चलाया जाएगा। नागरिक बूथों पर जाकर नाम जुड़वा सकते हैं, त्रुटियां सुधार सकते हैं या ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

वाराणसी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधारने का विशेष अभियान।

वाराणसी में मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सुधारने का विशेष अभियान।

HighLights

  1. 28-29 नवंबर को मतदाता सूची पुनरीक्षण विशेष अभियान।

  2. सभी 3220 बूथों पर बीएलओ सुबह 10 से शाम 4 बजे तक।

  3. नाम जुड़वाने, सुधारने, आपत्ति दर्ज कराने का अवसर।

जागरण संवाददाता, वाराणसी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि एक जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के तहत 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान जिले के सभी 3220 बूथों पर बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक उपस्थित रहकर आलेख्य मतदाता सूची पढ़ेंगे और मतदाताओं से संबंधित दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करेंगे।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) पंकज कुमार ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने निर्धारित मतदान केंद्रों पर मौजूद रहेंगे। मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए पात्र नागरिकों से फार्म-6, जबकि नाम, पता, आयु, लिंग और जन्मतिथि जैसी त्रुटियों में सुधार के लिए फार्म-8 प्राप्त किया जाएगा।

इसके अलावा मतदाता सूची में दर्ज किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 भरा जा सकता है। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, समस्त निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और पर्यवेक्षकीय अधिकारी बूथों का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करेंगे।

यदि कोई बूथ लेवल अधिकारी अनुपस्थित पाया जाता है तो उसके विरुद्ध लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान के दिनों में जनपद के सभी शिक्षण संस्थान, कार्यालय एवं अन्य संस्थान, जहां मतदान स्थल स्थापित हैं, खुले रहेंगे।

उन्होंने बताया कि 28 और 29 नवंबर को आलेख्य मतदाता सूची में अपना नाम जांचने के साथ ही ऐसे युवा भी आवेदन कर सकते हैं, जिनकी आयु 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष पूर्ण हो रही है अथवा पूर्ण हो चुकी है। इसके अलावा जिन मतदाताओं का नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे भी फार्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन के साथ नवीनतम रंगीन फोटो (4.5 सेमी × 3.5 सेमी) निर्धारित स्थान पर चस्पा करते हुए आयु एवं पते के प्रमाण से संबंधित दस्तावेज संलग्न करना होगा।मतदाता सूची में नाम, पता, आयु, लिंग एवं जन्मतिथि सहित अन्य गलत प्रविष्टियों के सुधार के लिए फार्म-8 भरकर संबंधित बीएलओ के पास जमा किया जा सकता है।

वहीं किसी प्रविष्टि पर आपत्ति दर्ज कराने के लिए फार्म-7 का उपयोग किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई है। मतदाता निर्वाचन आयोग के ECINET मोबाइल ऐप अथवा आधिकारिक वेबसाइट https://voters.eci.gov.in के माध्यम से फार्म-6, फार्म-7 और फार्म-8 भरकर जमा कर सकते हैं। प्रशासन ने पात्र नागरिकों से विशेष अभियान का लाभ उठाते हुए मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और आवश्यकतानुसार पंजीकरण एवं संशोधन कराने की अपील की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।