लोकसभा चुनाव 2019 : सपा और कांग्रेस 24 घंटे मुस्तैद, भाजपा परिणाम को लेकर निश्चिंत
पहड़िया मंडी में 19 मई से ही सपा व कांग्रेस ने डेरा डाला है और मतगणना को लेकर स्ट्रांग रूम पर नजरें बनाए हुए हैं।
वाराणसी, जेएनएन। अभी तक देखा गया है कि सत्ता में रहने वाली पार्टी हो या फिर विपक्ष की, सभी के कार्यकर्ता 24 घंटे स्ट्रांग रूम की रखवाली करते हैं लेकिन इस बार पहड़िया मंडी का नजारा ही अलग है। सपा-बसपा गठबंधन व कांग्रेस कार्यकर्ता जहां 19 मई की रात से ही अब तक 24 घंटे मुस्तैद हैं वहीं भाजपा पूरी तरह निश्चिंत होकर घर पर बैठी है। सीधे 23 मई को मतगणना स्थल पर धमकने की योजना बनी है।
इस बाबत भाजपा के मीडिया प्रभारी नवरतन राठी का कहना है कि पार्टी को निर्वाचन आयोग, जिला प्रशासन व प्रदेश सरकार पर पूरा भरोसा है इसलिए स्ट्रांग रूम की निगरानी जरूरी नहीं है जबकि सपा के जिलाध्यक्ष डा. पीयूष यादव का कहना है कि ईवीएम को लेकर पूरे देश में बहस चल रही है। मतदाताओं की आशंकाओं को देखते हुए सपा प्रमुख अखिलेश यादव का संदेश आया है कि ईवीएम की निगरानी के लिए हर पल स्ट्रांग रूम पर नजरें गड़ी होनी चाहिए।
इस संदेश को अमल में लाते हुए सपा व बसपा की संयुक्त टीम पहड़िया मंडी में 19 मई से ही डटी है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रजानाथ शर्मा ने कहा कि पूर्व राष्ट्रपति प्रवण मुखर्जी ने भी चुनाव आयोग से ईवीएम को लेकर उपजी आशंकाओं को दूर करने के लिए कहा है। ऐसे में सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि ईवीएम की निगरानी को लेकर कांग्रेस कितनी गंभीर हो सकती है। शिफ्ट के हिसाब से कांग्रेस कार्यकर्ता 24 घंटे ईवीएम की निगरानी में स्ट्रांग रूम के सामने जिला प्रशासन की ओर से निर्धारित स्थान पर डेरा डाले हुए हैं।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप