सपा ने प्रदीप मौर्य को वाराणसी-मीरजापुर खण्ड शिक्षक एमएलसी चुनाव में वाराणसी का प्रभारी बनाया
समाजवादी पार्टी ने प्रदीप मौर्य को वाराणसी-मीरजापुर खंड शिक्षक एमएलसी चुनाव में प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के सहयोग हेतु वाराणसी ...और पढ़ें

सपा ने प्रदीप मौर्य को बनाया वाराणसी-मीरजापुर शिक्षक एमएलसी चुनाव का प्रभारी।
HighLights
प्रदीप मौर्य वाराणसी-मीरजापुर शिक्षक एमएलसी चुनाव प्रभारी नियुक्त।
सपा प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने की नियुक्ति।
लाल बिहारी यादव के लिए समर्थन जुटाने की जिम्मेदारी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पार्टी के वरिष्ठ नेता और मौर्य, कुशवाहा, सैनी शाक्य महासभा उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष प्रदीप कुमार मौर्य को वाराणसी-मीरजापुर खण्ड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के सहयोग के लिए वाराणसी जिले का प्रभारी नामित किया है।
प्रदीप मौर्य रामलखन पब्लिक स्कूल (इण्टर कॉलेज) टड़िया चकबिही वाराणसी के प्रबंधक हैं और उनकी मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी ने उनकी इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। इस नियुक्ति के साथ ही प्रदीप मौर्य के सहयोग के लिए बौद्ध अवधेश अंबेडकर को सह प्रभारी बनाया गया है। यह जानकारी जिला प्रवक्ता संतोष यादव "बबलू" एडवोकेट ने दी है।
समाजवादी पार्टी ने इस निर्णय के माध्यम से वाराणसी में अपनी राजनीतिक स्थिति को मजबूत करने का प्रयास किया है। प्रदीप मौर्य की नियुक्ति से पार्टी को उम्मीद है कि वे वाराणसी-मीरजापुर क्षेत्र में शिक्षकों के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे और पार्टी के प्रत्याशी के लिए समर्थन जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
इसके पूर्व बीते 27 जुलाई को समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने पूर्व मंत्री सुरेन्द्र सिंह पटेल को वाराणसी-मीरजापुर खण्ड शिक्षक एमएलसी निर्वाचन क्षेत्र पद के प्रत्याशी लाल बिहारी यादव के सहयोग हेतु वाराणसी मण्डल का चुनाव प्रभारी नामित किया था। सपा की ओर से आगामी चुनाव को देखते हुए रणनीति तैयार की जा रही है। इसी क्रम में सहयोगियों की तैनाती कर चुनाव की रूपरेखा को पार्टी अंतिम रूप दे रही है।
