वाराणसी में कहीं पुलिस तो कहीं डीएम कार्यालय की धौंस, इस तरह छठ घाट पर पूजा के लिए हो रहा कब्जा
वाराणसी के शास्त्री घाट पर छठ पूजा के दौरान वीआईपी कल्चर हावी दिख रहा है, जिससे आम व्रती महिलाओं को ...और पढ़ें

वाराणसी छठ घाट पर वीआईपी कब्जा आम व्रतियों को कर रहा परेशान।
HighLights
शास्त्री घाट पर छठ पूजा में वीआईपी कल्चर का असर।
पुलिस, डीएम कार्यालय ने घाट का बड़ा हिस्सा घेरा।
आम व्रतियों को पूजा के लिए जगह की कमी।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। लोक आस्था और सादगी का महापर्व छठ पूजा भी अब वीआईपी कल्चर की भेंट चढ़ता नजर आ रहा है। इसकी बानगी कैंट क्षेत्र कचहरी स्थित वरुणा नदी के किनारे शास्त्री घाट पर देखने को मिल रही है। घाट पर कहीं डीएम कार्यालय की धौंस है तो कहीं पर पुलिस वाले की, लोग घाट पर नाम के साथ पद रुतबा और रुआब लिखकर छठ जैसे सात्विक आयोजन की सात्विक परंपरा को चुनौती दे दी है।
यहां छठ पूजा के लिए घाट पर बेदी बनाने पहुंची आम व्रती महिलाओं को जगह की कमी का सामना करना पड़ रहा है, जबकि दूसरी ओर वीआईपी प्रोटोकॉल के नाम पर घाट के बड़े हिस्से को घेर लिया गया है। नाम ही नहीं पद के साथ ही लोगों ने घाट को छेक कर छठ पर्व पर लोक परंपरा पर भी रुतबा गालिब कर रखा है। छठ महापर्व का चार दिवसीय अनुष्ठान शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हुआ। शनिवार को खरना, रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी। पर्व को लेकर शास्त्री घाट पर भी तैयारियां शुरू हो गई हैं। महिलाओं ने अपनी-अपनी बेदी बनानी शुरू कर दी है, ताकि परिवार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सकें।
हालांकि, घाट पर वीआईपी व्यवस्था के नाम पर अलग-अलग स्थानों पर बड़ी जगह घेर ली गई है। इन स्थानों पर पुलिस लाइन, पुलिस और डीएम कार्यालय के नाम पेंट से लिखे गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी प्रोटोकॉल के नाम पर घाट की काफी जगह पहले से ही आरक्षित कर दी गई है। इससे सामान्य श्रद्धालुओं और व्रती महिलाओं के लिए बेदी बनाने तक की जगह नहीं बच रही है।
स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि छठ पूजा सभी वर्गों का महापर्व है। इसमें हर कोई अपने परिवार के साथ घाट पर पहुंचकर सूर्यदेव और छठी मइया की आराधना करना चाहता है। लेकिन बड़े-बड़े स्थानों पर नाम लिखकर जगह घेर लेने से आम लोगों को परेशानी हो रही है। उनका कहना है कि पहले इस तरह की व्यवस्था देखने को नहीं मिलती थी। अब घाट पर पहुंचने के बाद भी लोगों को पूजा के लिए उपयुक्त स्थान तलाशना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि छठ पूजा त्याग, तपस्या, स्वच्छता और सादगी का पर्व है। इसमें किसी तरह के दिखावे या वीआईपी-वीवीआईपी के भेदभाव की जगह नहीं होनी चाहिए। छठी मइया की आराधना में सभी श्रद्धालु समान हैं। ऐसे में प्रशासन को चाहिए कि घाट पर आम व्रती महिलाओं की सुविधा और उनकी आस्था का ध्यान रखते हुए आरक्षित स्थानों की व्यवस्था की समीक्षा करे, ताकि किसी भी श्रद्धालु को पूजा करने के लिए जगह की कमी न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।