कौशल विकास मंत्री ने की हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत, सीएए के पक्ष में समर्थन जुटाने की पहल
सीएए कानून के पक्ष में लोगों का समर्थन जुटाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाबतपुर रोड काजीसराय बाजार में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया।
वाराणसी, जेएनएन। सीएए कानून के पक्ष में लोगों का समर्थन जुटाने के लिए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को बाबतपुर रोड, काजीसराय बाजार में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। इसका शुभारंभ केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने हस्ताक्षर कर किया।
डा. पांडेय ने कहा कि विपक्षी दलों में हताशा का वातावरण है। राष्ट्रीय स्तर पर राजनीति को प्रभावित करने वाली समस्याओं का समाधान एक के बाद एक ऐतिहासिक निर्णयों से होने से वे अब भ्रम फैलाने पर उतारू हो गए हैं। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष युवा मोर्चा संजय गुप्ता, उमेश दत्त पाठक, अखंड सिंह, श्रीनिकेतन मिश्र, धनंजय सरोज, हिटलर सिंह, अजय मिश्र, पंकज तिवारी, कैलाश अकेला प्रमुख रूप से मौजूद रहे।
लोगों का बताया सीएए
सीएए को लेकर चलाए जा रहे जनसंपर्क अभियान में मंगलवार को जिला प्रतिनिधि उपेंद्र प्रताप सिंह व पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रेमशंकर पाठक ने सेवापुरी विधानसभा क्षेत्र के राजातालाब बाजार में व्यापारियों बीच जनसम्पर्क किया। इसमें मूल रूप से करन जायसवाल, मुरारी लाल, शिव सागर सिंह, विजय कुमार, असरफ अंसारी, जलालुद्दीन आदि ने समर्थन किया।
14 तक चलेगा बूथ स्तर पर जनसम्पर्क
नागरिकता संशोधन कानून के पक्ष में हस्ताक्षर कराकर जन स्वीकृति प्राप्त करने के लिए मंगलवार को भाजपा का बूथ चलो अभियान शुरू हुआ। यह 14 जनवरी तक चलेगा।
भाजपा के काशी प्रांत मीडिया प्रभारी नवरतन राठी ने बताया कि पार्टी सीएए पर जन सहमति प्राप्त करने के लिए हर बूथ पर कम से कम 50 परिवारों में संपर्क करेगी। सभी अभियान में जुटेंगे और कांग्रेस-सपा सहित तमाम विपक्षी दलों द्वारा फैलाए गए भ्रम के वातावरण को साफ करेंगे। साथ ही सामाजिक संपर्क के तहत पार्टी के मोर्चे पर छात्र, महिला, किसान, शिक्षक, पिछड़े, अनुसूचित व अल्पसंख्यक आदि वर्गों के बीच सीएए पर चर्चा करेंगे।