सोनभद्र में बालक की गला दबाकर हत्या, अरहर के खेत फेंका गया शव, क्षेत्र में सनसनी
सोनभद्र के पिपरी थाना क्षेत्र के मकरा गांव के अगरियाडीह टोला में मंगलवार की सुबह अरहर के खेत में एक बालक का शव मिला। बच्चे की हत्या गला दबाकर की गई थी। उधर इस घटना से गांव में सनसनी फैली गई।
इसी टोले के शिव कुमार का छह वर्षीय पुत्र आशीष सोमवार की दोपहर में गायब हो गया था। उसकी मां आंगनबाड़ी केंद्र पर काम करती है। पुलिस ने बताया कि वह सोमवार को 11 बजे केंद्र पर चली गई। वहां से एक घंटे बाद लौटी तो बेटी घर पर नहीं था। रात तक काफी खोजबीन की गई लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। मंगलवार की सुबह लगभग नौ बजे गांव के लोग खेत की ओर गए थे तो देखा कि अरहर के एक खेत में शव फेका गया है। ग्रामीणों ने इसकी सूचना शिव कुमार के साथ ही पिपरी पुलिस को दी। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थानाध्यक्ष मूलचंद चौरसिया ने बताया कि प्रथमदृष्टया आशीष की गला दबाकर हत्या किए जाने का मामला प्रतीत हो रहा है। घटना क्यों हुई इसकी जांच की जा रही है।