Securing India 75: चीन समुद्र में चूहा, उसे वहीं घेरा जाए : ले.ज. सैयद अता हसनैन
चीन पहाड़ों पर ही शेर बन सकता है। वह समुद्र में चूहा है। उसे वहीं घेरने की आवश्यकता है। यह कहना है भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन का। रविवार को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित ‘काशी मंथन’ में ‘सिक्योरिंग इंडिया 75’ पर बोल रहे थे।
जागरण संवाददाता, वाराणसी : चीन पहाड़ों पर ही शेर बन सकता है। वह समुद्र में चूहा है। उसे वहीं घेरने की आवश्यकता है। यह कहना है भारतीय सेना के रिटायर्ड लेफ्टिनेंट जनरल सैयद अता हसनैन का। वह रविवार को बीएचयू के स्वतंत्रता भवन में आयोजित ‘काशी मंथन’ में ‘सिक्योरिंग इंडिया 75’ पर बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत की बढ़ती शक्ति से घबराया चीन आए दिन सीमा पर घुसपैठ करके हिंसक वारदातें करता है। हमारे साथ तमाम देश खड़े हैं।
लेफ्टिनेंट जनरल राज शुक्ला ने कहा कि हमें राष्ट्रीय सुरक्षा की चुनौतियों का आकलन करते हुए आगे बढ़ना है। सैन्य गतिविधियों में आधुनिकता के साथ ही अपनी सांस्कृतिक विरासत को भी साथ लेकर चलना होगा। हमारे महापुरुषों व देवी-देवताओं ने शास्त्र व शस्त्र दोनों को समान महत्व दिया।
भारत के राजदूत रहे अनिल त्रिगुणायत ने कहा कि कोरोना काल में मानवता के कल्याण से भारत की छवि विश्व में मजबूत हुई है। जेएनयू के चाइनीज स्टडी के प्रो. श्रीकांत कोंडापल्ली ने कहा कि चीन की आकांक्षा व्यापारिक विश्व शक्ति बनने की है, उसे भारत से ही भय है। इसलिए वह लगातार भारत को अस्थिर करने का प्रयास करता है। भारत को सीमा पर अपनी सामाजिक संरचना मजबूत करना होगा।
धर्म को राजनीति से न जोड़ें
दूसरे सत्र में डा. आदिल रशीद ने कहा कि धर्म को राजनीति से न जोड़ें। इसी का सहारा लेकर पाकिस्तान भारत में कट्टरपंथी मुस्लिमों को भड़काना चाहता है। लेफ्टिेनेंट जनरल शौकीन ने कहा कि चीन कभी भरोसेमंद नहीं हो सकता। तकनीकी विशेषज्ञ जितेन जैन ने साफ कहा कि चीन साइबर अपराधी है। चीन के सस्ते सामान खरीदने की ललक त्यागते हुए भारत में बने महंगे सामानों को खरीदना होगा। विषय स्थापना डाक्टर मयंक नारायण सिंह ने किया। कार्यक्रम में सनबीम ग्रुप आफ एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन नालेज पार्टनर रहा। शुभारंभ महामना मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। संचालन शुकेशी ऋषभ व धन्यवाद ज्ञापन डा.सुनील तिवारी ने किया।